Hapur News: गढ़ रोड पर मौत बनकर दौड़ी बस, बाइक को मारी टक्कर; 22 वर्षीय युवक की मौके पर मौत
Hapur News: हापुड़ में दयाल रीजेंसी के सामने तेज रफ्तार बस ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर, मामा घायल, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया।
गढ़ रोड पर मौत बनकर दौड़ी बस, बाइक को मारी टक्कर; 22 वर्षीय युवक की मौके पर मौत (Photo- Newstrack)
Hapur News: हापुड़ की गढ़ रोड पर सोमवार को एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार मामा-भांजे को अपनी चपेट में लेकर ऐसा भीषण हादसा कर दिया कि परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। दयाल रीजेंसी के सामने पीछे से आई बस ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठे 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल चला रहे उसके मामा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पीछे से बस ने मारी टक्कर, सड़क पर जिंदगी की जंग हार गया नवदीप
जानकारी के अनुसार, थाना हापुड़ क्षेत्र के गांव ततारपुर निवासी धर्मेंद्र पुत्र शिवचरण सोमवार को अपनी मोटरसाइकिल से हापुड़ की ओर जा रहे थे। मोटरसाइकिल पर उनके साथ उनका 22 वर्षीय भांजा नवदीप पुत्र नवराज निवासी छावनी भी पीछे बैठा हुआ था। दोनों अभी गढ़ रोड स्थित दयाल रीजेंसी के सामने पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही बस ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।बस की टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में पीछे बैठे नवदीप को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं मोटरसाइकिल चला रहे धर्मेंद्र भी घायल हो गए।
मामा की आंखों के सामने उजड़ गई भांजे की जिंदगी
इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस भांजे को मामा अपने साथ लेकर हापुड़ की ओर जा रहे थे, रास्ते में ही उसकी जिंदगी खत्म हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने मृतक नवदीप के शव को कब्जे में लेकर सील सर्व मोहर के साथ पोस्टमार्टम के लिए हापुड़ की मोर्चरी भिजवा दिया। घायल धर्मेंद्र को उपचार के लिए गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया।
पुलिस जुटी वैधानिक कार्रवाई में
थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि हादसे में 22 वर्षीय नवदीप की मौके पर मौत हुई है, जबकि बाइक चालक धर्मेंद्र घायल हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।