Hapur News: दहेज में कार और 10 लाख रुपये की मांग, मारपीट के बाद दिया तीन तलाक, FIR दर्ज

Hapur News : हापुड़ में विवाहिता ने पति समेत छह लोगों पर कार और 10 लाख रुपये दहेज मांगने, मारपीट और तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप लगाया।

By :  Avnish Pal
Update:2026-06-16 14:04 IST

Hapur News

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के थाना हाफिजपुर क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने अपने पति समेत छह लोगों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न, मारपीट तथा तीन तलाक कहकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2021 में हुआ था विवाह

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव अब्दुल्लापुर मोड़ी निवासी सहवीजा का निकाह 6 अगस्त 2021 को बुलंदशहर जनपद के थाना गुलावठी क्षेत्र स्थित गांव मखदूमनगर उर्फ मीठापुर निवासी तौहसीन के साथ हुआ था। विवाह के समय पीड़िता के परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज और घरेलू सामान दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ।

निकाह के बाद शुरू हुई दहेज की मांग

पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसके पति तौहसीन, सास मुनीजा, ननद हिना तथा देवर साजन, सैफू और भोला ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोपित लगातार एक कार और 10 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाते रहे। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।विवाहिता के मुताबिक उसे आए दिन ताने दिए जाते थे और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई। स्थिति बिगड़ने पर दोनों परिवारों के बीच रिश्तेदारों और समाज के लोगों ने कई बार पंचायत कर समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

जमीन के मुआवजे की रकम बनी विवाद की वजह

पीड़िता ने आरोप लगाया कि हाल ही में उसके मायके पक्ष को भूमि अधिग्रहण के बदले मुआवजे की धनराशि प्राप्त हुई थी। इसके बाद ससुराल पक्ष की मांग और बढ़ गई। आरोपितों ने उसे गरीब परिवार की बेटी बताते हुए पति की दूसरी शादी किसी संपन्न परिवार में कराने की बात कहनी शुरू कर दी।विवाहिता का कहना है कि ससुराल पक्ष को उम्मीद थी कि मुआवजे की रकम मिलने के बाद उसके मायके वाले कार और नकदी की मांग पूरी कर देंगे, लेकिन ऐसा न होने पर उसके साथ उत्पीड़न और बढ़ा दिया गया।

मारपीट कर घर से निकालने का आरोप

पीड़िता के अनुसार 27 मई 2026 की शाम करीब साढ़े सात बजे आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर सभी ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। आरोप है कि इसी दौरान पति तौहसीन ने उसे तीन तलाक कहकर घर से बाहर निकाल दिया और दोबारा घर में प्रवेश न करने की धमकी दी।घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए थाना हाफिजपुर प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति सहित छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News