Hapur News : दहेज के लिए विवाहिता से क्रूरता, हत्या का प्रयास, जेठ पर छेड़छाड़ का आरोप
Hapur News : हापुड़ में विवाहिता से मारपीट, गला दबाकर हत्या का प्रयास और जेठ पर अश्लील हरकतों का आरोप, मुकदमा दर्ज
Hapur: Dowry Harassment
Hapur News :-दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष द्वारा विवाहिता को अमानवीय प्रताड़ना देने, गला दबाकर हत्या का प्रयास करने और जेठ द्वारा अश्लील हरकत कर कपड़े फाड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के विरोध करने पर पति द्वारा उसे तलाक देने का भी आरोप है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2018 में हुआ था निकाह, शादी में खर्च हुए 12 लाख रुपये
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में बताया कि उसका निकाह 20 दिसंबर 2018 को मुस्लिम रीति-रिवाज से नंदग्राम थाना सिहानी गेट, जनपद गाजियाबाद निवासी अफसार के साथ हुआ था। शादी में उसके परिजनों ने करीब 12 लाख रुपये खर्च किए थे और हैसियत के अनुसार सारा सामान दिया गया था।
शादी के बाद ही शुरू हो गई दहेज की मांग
पीड़िता का आरोप है कि शादी में दिए गए सामान से ससुराल पक्ष खुश नहीं था। पति, सास, जेठ और ननद लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। आरोप है कि बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। मांग पूरी न होने पर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट कर कमरे में बंद कर यातनाएं दी जाती थीं।
जेठ पर गंभीर आरोप, कपड़े फाड़कर की छेड़छाड़
पीड़िता ने बताया कि 9 नवंबर 2025 को जब घर के सभी लोग बाहर गए थे और वह घर में अकेली थी, तभी उसका जेठ कमरे में घुस आया। आरोप है कि उसने अश्लील हरकतें करते हुए कपड़े फाड़ दिए और जबरन छेड़छाड़ करने लगा। शोर मचाने पर जेठ ने जान से मारने की धमकी दी और किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
पति ने की मारपीट, तेजाब डालने की धमकी
पीड़िता के अनुसार जब उसने इस घटना की जानकारी अपने पति को दी तो उसने भी उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसे गलत काम के लिए दबाव बनाया गया और कहा गया कि अगर उनकी बात नहीं मानी तो तेजाब डालकर जला दिया जाएगा।
गला दबाकर हत्या का प्रयास, घर से निकाला
पीड़िता का कहना है कि 9 दिसंबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर मचाने पर उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह किसी तरह अपने मायके पहुंची।
पंचायत में भी नहीं मिला न्याय, पति ने दिया तलाक
पीड़िता के मायके पक्ष ने ससुराल वालों से संपर्क कर 5 जनवरी को गांव में पंचायत बुलाई। पंचायत में पति, सास, जेठ और ननद शामिल हुए। पंचों के सामने भी आरोपितों ने दहेज की मांग स्वीकार की। इसी दौरान पति ने पीड़िता को तलाक दे दिया और सभी वहां से चले गए।
एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश से कोतवाली पुलिस ने आरोपित पति, सास, जेठ और ननद के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।थाना प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।