Hardoi News: हरदोई में डिजिटल जनगणना की शुरुआत, लोगों से सहयोग की अपील
Hardoi News: हरदोई में आगामी जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
Hardoi DM Digital Census
Hardoi News: हरदोई में आगामी जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के अंतर्गत स्व-गणना अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भाग लेकर जनगणना प्रक्रिया को सफल बनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में सवायजपुर विधायक कुंवर माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’, बालामऊ विधायक रामपाल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा, नगर पालिका परिषद हरदोई के अध्यक्ष मधुर मिश्र तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। सभी ने जनगणना को देश की विकास योजनाओं की नींव बताते हुए नागरिकों से इसमें बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अनुनय झा और अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) प्रियंका सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्व-गणना प्रणाली की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्वयं भी प्रक्रिया में भाग लेकर लोगों को डिजिटल जनगणना के प्रति जागरूक किया।
नागरिक खुद ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे
जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि इस बार जनगणना को आधुनिक तकनीक से जोड़ा गया है, जिससे नागरिक खुद ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इससे आंकड़ों की शुद्धता के साथ गोपनीयता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को तय समय सीमा में पूरी गंभीरता और गुणवत्ता के साथ संपन्न कराया जाए।अपर जिलाधिकारी प्रियंका सिंह ने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि अधिक से अधिक लोग स्व-गणना प्रक्रिया से जुड़ें। इसके लिए सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।कार्यक्रम के दौरान जिला जनगणना प्रभारी विनय कुमार वर्मा ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि डिजिटल प्रणाली से जनगणना कार्य अधिक पारदर्शी और सरल बनेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।