Hardoi: हरदोई रेलवे स्टेशन पर खामियों की भरमार, ट्रेनों के ठहराव को लेकर सांसद जयप्रकाश रावत नाराज

Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान सांसद जयप्रकाश रावत ने ट्रेनों के ठहराव और बुनियादी सुविधाओं की कमी पर नाराजगी जताई।

Update:2026-05-04 20:18 IST

Hardoi News

Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर उस समय हलचल तेज हो गई जब सांसद जयप्रकाश रावत अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। उनके साथ पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। करीब एक साल बाद स्टेशन का जायजा लेने पहुंचे सांसद को यहां कई व्यवस्थागत कमियां और अधूरे कार्य देखने को मिले, जिससे उनका रुख सख्त हो गया।निरीक्षण के दौरान सांसद ने मंडल से आए रेल अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। खासतौर पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर जब उन्होंने सवाल किया तो अधिकारियों के जवाब से वह संतुष्ट नहीं दिखे। नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि लगातार मांग के बावजूद हरदोई में प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित नहीं किया जा रहा, जबकि आसपास के जिलों शाहजहांपुर और सीतापुर में यह सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता को जवाब देना उनकी जिम्मेदारी है और इस तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सांसद ने अधिकारियों से दो टूक कहा कि केवल औपचारिक जवाब देकर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता। उन्होंने निर्देश दिया कि ट्रेनों के ठहराव को लेकर जल्द पुनः समीक्षा की जाए और वंदे भारत एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव पर गंभीरता से विचार किया जाए। अधिकारियों ने उनके सख्त रुख को देखते हुए मामले की दोबारा समीक्षा का आश्वासन दिया।निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए। सांसद ने पुराने और जर्जर टीन शेड के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की सैंपलिंग सीलबंद तरीके से कराई जाए ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। साथ ही घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की।

सांसद के सरकुलेशन ट्रेन के प्रस्ताव पर जाने क्या बोले रेल अधिकारी

इसके अलावा स्टेशन पर कई बुनियादी सुविधाओं की कमी भी सामने आई। प्लेटफॉर्म पर ऊंचे-नीचे पत्थर, यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त बेंच की कमी और पीआरएस काउंटर पर एयर कंडीशनिंग न होने जैसी समस्याओं पर सांसद ने अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस दौरान सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि रजनीश त्रिपाठी भी मौजूद रहे, जिन्होंने निर्माण कार्य और ट्रेनों के ठहराव से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों से तीखे सवाल किए। हालांकि कई सवालों का संतोषजनक जवाब अधिकारी नहीं दे सके, जिससे जनप्रतिनिधियों में असंतोष स्पष्ट दिखाई दिया।

सांसद ने यह भी कहा कि एक वर्ष पहले हुई बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन अब तक नहीं हुआ है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि तीन महीने बाद फिर से बैठक कर सभी बिंदुओं की समीक्षा की जाएगी और प्रगति का आकलन किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान रेल अधिकारियों ने कुछ सकारात्मक पहलुओं की जानकारी भी दी।हरदोई-सीतापुर-नैमिषारण्य-बालामऊ के बीच एक सर्कुलेशन ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजे जाने की बात कही गई। इसके अलावा लंबे समय से बंद पड़ी पार्सल सेवा को जल्द बहाल करने का आश्वासन भी दिया गया।अंत में सांसद ने कहा कि हरदोई रेलवे स्टेशन के विकास और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और जल्द ही यहां ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराया जाएगा।

Tags:    

Similar News