Hardoi News: कमरे में बंद युवक ने लगाई फांसी, मोबाइल पर गाना सुनते मिला शव
Hardoi News: हरदोई के आशा नगर में एक युवक ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर मोबाइल पर गाना बजता मिला, पुलिस जांच में जुटी है।
Hardoi News
Hardoi News: हरदोई शहर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने ही कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। यह मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के आशा नगर मोहल्ले का है और घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया, साथ ही जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक की पहचान 21 वर्षीय शोभित वर्मा के रूप में हुई है। वह विजय वर्मा का सबसे छोटा बेटा था और परिवार के साथ आशा नगर में रहता था। परिजनों के अनुसार, सुबह के समय शोभित अपने कमरे से बाहर नहीं निकला, जिससे घरवालों को चिंता हुई। इसी बीच उसकी बहन रंजना को अपनी मां के साथ स्कूल जाने के लिए कमरे से कुछ सामान लेना था, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। कमरे के भीतर से केवल मोबाइल पर बज रहे गाने की आवाज आ रही थी।
पिता के साथ उनके छोटे से कारोबार में हाथ बंटाता था
स्थिति संदिग्ध लगने पर रंजना ने अपने पिता को फोन कर बुलाया। पिता के घर पहुंचने पर जब उन्होंने अंदर झांककर देखा तो बेटे का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को नीचे उतारा।बताया जा रहा है कि शोभित ने इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की थी और पिता के साथ उनके छोटे से कारोबार में हाथ बंटाता था। परिवार के लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं और आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं।हालांकि, कमरे के अंदर मोबाइल पर बज रहे एक भावनात्मक गाने को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि मामला किसी व्यक्तिगत या भावनात्मक तनाव से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि इस कदम के पीछे की असली वजह सामने आ सके।