Hardoi News: मां के आंसुओं ने बेटे को किया आगबबूला! पिता से भिड़ा बेटा, खूनी संघर्ष में गई जान
Hardoi News: हरदोई के राधानगर मोहल्ले में घरेलू विवाद के दौरान बेटे पर अपने पिता की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगा है। मां के साथ मारपीट का विरोध करने पर पिता-पुत्र के बीच विवाद बढ़ गया और खूनी संघर्ष में पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
Hardoi News
Hardoi News: जिले के कोतवाली शहर क्षेत्र के राधानगर मोहल्ले में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना 24 नवंबर 2026 की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राधानगर निवासी रामेन्द्र सिंह (53) का अपनी पत्नी अंजू सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। आरोप है कि विवाद के दौरान रामेन्द्र अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी बीच उनका 28 वर्षीय पुत्र सत्यम सिंह मौके पर पहुंचा और मां के साथ हो रही मारपीट का विरोध करने लगा।बताया जा रहा है कि विरोध के दौरान पिता और पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान सत्यम सिंह ने कथित तौर पर धारदार हथियार से अपने पिता रामेन्द्र सिंह पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रामेन्द्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले में तहरीर प्राप्त कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
क्षेत्राधिकारी नगर अजीत सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में वादी से तहरीर प्राप्त की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।