Hardoi : कटियारी में सड़कों व पुलियों पर खर्च होंगे 8 करोड़ से अधिक, 50 गांवों को मिलेगी बड़ी राहत
Hardoi News: हरदोई के कटियारी क्षेत्र में सड़क और पुलिया निर्माण के लिए 805.14 लाख रुपये स्वीकृत, 50 गांवों की एक लाख से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ
Hardoi News: सवायजपुर विधानसभा के कटियारी क्षेत्र में बदहाल सड़कों और बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाली पुलियों की समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए शासन ने क्षेत्र में सड़क निर्माण, विशेष मरम्मत और पुलियों के पुनर्निर्माण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के लिए 805.14 लाख रुपये की मंजूरी दी है। खास बात यह है कि स्वीकृत धनराशि में से 281.81 लाख रुपये जारी भी कर दिए गए हैं। विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह 'रानू' के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति को क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
कई महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों की बदलेगी सूरत
स्वीकृत कार्यों में अर्जुनपुर-प्रतिपालपुर से भवानीपुर तक 1.1 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। श्यामपुर-सूरजपुर-दुर्जना मार्ग की बॉक्स कलवर्ट के साथ मरम्मत होगी। वहीं लमकन-महितापुर-ऐड़ा-भदार रोड से कुचिला-विजना मार्ग के 1.5 किलोमीटर हिस्से का विशेष मरम्मतीकरण प्रस्तावित है।इसके अतिरिक्त दहेलिया से कटरी छोछपुर तक 4.46 किलोमीटर, चौंसार बेहटा-कटरी छोछपुर मार्ग पर 3.5 किलोमीटर और हरपालपुर-बड़ागांव से श्यामपुर तक 1.5 किलोमीटर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। दहेलिया के संपर्क मार्ग, अजतुपुर-मिरगांवा सड़क, दहेलिया-खुर्रमपुरवा मार्ग के 2.84 किलोमीटर हिस्से तथा भरखनी से रूपापुर नहर पटरी तक तीन किलोमीटर सड़क को भी परियोजना में शामिल किया गया है।
बाढ़ से प्रभावित पुलियों का भी होगा पुनर्निर्माण
कटियारी क्षेत्र में बरसात और बाढ़ के समय आवागमन की समस्या गंभीर हो जाती है। कई स्थानों पर पुलियों के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। प्रस्तावित कार्यों में ऐसी पुलियों का पुनर्निर्माण भी शामिल है, जिससे बारिश के मौसम में संपर्क व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
एक लाख से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ
इन विकास कार्यों का फायदा अरवल, करनपुर, बड़ागांव, श्यामपुर, अर्जुनपुर, भवानीपुर, प्रतिपालपुर, सूरजपुर, दुर्जना, अलीगंज, कटरी छोछपुर, कुचिला, भदार, विजना, खुर्रमपुरवा, आलमपुर, इस्माइलपुर, बिलसरी, हसनापुर समेत करीब 50 गांवों को मिलने की संभावना है। इन गांवों की एक लाख से अधिक आबादी को बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा।
किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों का सफर होगा आसान
सड़कों की हालत सुधरने से किसानों को अपनी उपज बाजार और मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में परेशानी कम होगी। वहीं आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी पहले से आसान हो सकेगा।कुल मिलाकर सड़क और पुलिया निर्माण की इन परियोजनाओं से कटियारी क्षेत्र में आवागमन के साथ व्यापार, शिक्षा और कृषि गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की राह देख रहे ग्रामीणों के लिए यह स्वीकृति राहत भरी खबर है।