ट्रेन में सफर कर रहे थे बेफिक्र, अचानक सामने आई चेकिंग टीम… 21 यात्रियों पर गिरी गाज

Hardoi News: हरदोई में रेलवे की सघन टिकट चेकिंग, 21 बेटिकट यात्री पकड़े गए; किराया और जुर्माने से रेलवे ने कुल ₹35,485 की वसूली की।

Update:2026-08-20 15:04 IST

Hardoi News: हरदोई मे ट्रेनों में बिना टिकट सफर करने वाले यात्रियों पर शिकंजा कसने के लिए उत्तर रेलवे की ओर से लगातार टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार 19 अगस्त को बालामऊ से जुड़े टिकट चेकिंग कर्मचारियों की विशेष टीम ने अलग-अलग रेलखंडों में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों के टिकटों की जांच की गई और बेटिकट पाए गए यात्रियों से रेलवे ने किराया व जुर्माना वसूल किया।अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक हरदोई द्वितीय मुरलीधर के निर्देशन में किया गया। चेकिंग टीम में सीआईटी बालामऊ मधु देवी, सीटीटी आई बालामऊ आशुतोष कुमार और टी टीटीआई/बालामऊ अनिल कुमार शामिल रहे। टीम ने अलग-अलग दिशाओं में चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की।

चेकिंग के दौरान गाड़ी संख्या 15909 में हरदोई से बरेली के बीच यात्रियों के टिकट जांचे गए। इसके बाद गाड़ी संख्या 15098 में बरेली से शाहजहांपुर के बीच और गाड़ी संख्या 13152 में शाहजहांपुर से संडीला के बीच सघन टिकट जांच की गई। जांच के दौरान बिना वैध टिकट यात्रा कर रहे कुल 21 यात्री पकड़े गए। रेलवे के अनुसार, इन यात्रियों से किराये के रूप में 16,090 रुपये की वसूली की गई, जबकि नियमों के तहत लगाया गया जुर्माना 19,395 रुपये रहा।

ट्रेनों के पैंटीकार की भी हुई जांच

इस तरह टिकट चेकिंग अभियान के दौरान रेलवे को कुल 35,485 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि टिकट जांच का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं है, बल्कि यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करना और वैध टिकट लेकर यात्रा करने की आदत को बढ़ावा देना भी है। बेटिकट यात्रा करने से एक ओर जहां रेलवे को राजस्व का नुकसान होता है, वहीं नियमों का पालन करने वाले यात्रियों के लिए भी असुविधा की स्थिति बनती है।इस दौरान मुख्य वाणिज्य निरीक्षक हरदोई द्वितीय मुरलीधर द्वारा ट्रेनों की पैंटीकार की भी सघन जांच की गई,अभिलेखों की जांच के साथ पैंट्री कर्मियों को स्वच्छता हुआ गुणवत्ता को लेकर निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल महेश यादव ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपना उचित और वैध टिकट अवश्य लें। उन्होंने कहा कि बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करना रेलवे नियमों का उल्लंघन है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि किसी भी परेशानी से बचने के लिए निर्धारित किराया देकर ही रेल यात्रा करें।रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के औचक और सघन टिकट चेकिंग अभियान आगे भी विभिन्न ट्रेनों और रेलखंडों में जारी रहेंगे। इससे बेटिकट यात्रियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ रेलवे के राजस्व में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News