Hardoi News: 50 हजार का इनामी सूरज सिंह कोर्ट पहुंचा, शिवम हत्याकांड में अब हथियार बरामदगी पर पुलिस की नजर

Hardoi News: हरदोई के शिवम जायसवाल हत्याकांड में 50 हजार का इनामी सूरज सिंह कोर्ट में सरेंडर, पुलिस अब रिमांड लेकर हथियार बरामदगी की तैयारी में।

Update:2026-08-20 15:24 IST

Hardoi News

Hardoi News: हरदोई के संडीला कोतवाली क्षेत्र में भट्ठा कारोबारी शिवम जायसवाल हत्याकांड में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी सूरज सिंह ने बुधवार को हरदोई न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे आरोपी के सरेंडर के बाद अब इस चर्चित हत्याकांड की जांच में एक और अहम मोड़ आ गया है। पुलिस अब उसे कस्टडी रिमांड पर लेकर घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाने की तैयारी में है।

संडीला कस्बे के रेलवे फाटक क्षेत्र निवासी शिवम जायसवाल की 21 जुलाई की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात उन्नाव रोड पर बांगरमऊ बस अड्डे के पास हुई थी। बताया गया कि लेनदेन को लेकर विवाद के बाद शिवम को गोली मारी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।मृतक के भाई ऋषभ जायसवाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सूरज सिंह समेत शिवा सिंह, पवन सिंह, मांसू और साहिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

घटना के बाद आरोपियों की तलाश में पुलिस ने कई स्तर पर कार्रवाई की। इसी दौरान साहिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि शिवा सिंह, पवन सिंह और मांसू ने न्यायालय में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया था। अब पुलिस की अगली कार्रवाई सूरज सिंह की पुलिस कस्टडी रिमांड हासिल करने पर केंद्रित है सूरज सिंह के लगातार फरार रहने के कारण पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस की तलाश के बीच बुधवार को उसने हरदोई न्यायालय में सरेंडर कर दिया। उसके आत्मसमर्पण की पुष्टि संडीला क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह ने की है।

अब पुलिस की अगली कार्रवाई सूरज सिंह की पुलिस कस्टडी रिमांड हासिल करने पर केंद्रित है। रिमांड मिलने के बाद पुलिस उससे घटना के संबंध में पूछताछ करेगी। खास तौर पर वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर आला-ए-कत्ल बरामद करने का प्रयास करेगी।सूरज के सरेंडर के बाद पुलिस अब हत्या की पूरी कड़ी को जोड़ने, घटना के पीछे के विवाद की वास्तविक स्थिति जानने और वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका स्पष्ट करने की दिशा में आगे बढ़ेगी। पुलिस के सामने अब यह भी चुनौती होगी कि पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को मजबूत किया जाए।फिलहाल 50 हजार के इनामी आरोपी के न्यायालय में आत्मसमर्पण के बाद शिवम जायसवाल हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई और तेज होने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ और हथियार की बरामदगी इस मामले की जांच में अहम साबित हो सकती है।

Tags:    

Similar News