Hardoi News: हरदोई में पुलिस पर एसपी की सर्जिकल स्ट्राइक! देहात कोतवाल समेत तीन लाइन हाजिर

Hardoi News: हरदोई में चोरी की घटना के बाद एसपी ने सख्त कार्रवाई करते हुए कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।

Update:2026-08-11 22:18 IST

Hardoi News

Hardoi News:  जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाया है। कोतवाली देहात क्षेत्र में चोरी की घटना के बाद प्रभारी निरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एसपी ने प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इसके अलावा कोतवाली देहात में तैनात दो आरक्षियों को भी ड्यूटी में लापरवाही के आरोपों के चलते लाइन हाजिर किया गया है।पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ पर थाना क्षेत्र में प्रभावी तरीके से गश्त नहीं कराने और अपने कर्तव्यों के प्रति शिथिलता बरतने का आरोप है। इसी दौरान थाना क्षेत्र में चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लिया। प्रारंभिक स्तर पर जिम्मेदारी तय करते हुए प्रभारी निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।

एक ही थाने से जुड़े तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति है

कोतवाली देहात में तैनात आरक्षी अभिन्न और आरक्षी सत्येंद्र के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरक्षियों पर अपने दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने के साथ ही अनैतिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से थाने में लोगों को अनावश्यक रूप से बैठाए रखने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए दोनों को भी लाइन हाजिर कर दिया गया।एक ही थाने से जुड़े तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति है। एसपी की कार्रवाई को पुलिसकर्मियों के लिए स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतना भारी पड़ सकता है।


पुलिस प्रशासन की ओर से जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति किसी तरह की उदासीनता या शिथिलता न बरतें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस विभाग का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गश्त तथा पुलिसिंग को और मजबूत किया जाएगा। चोरी की घटना के बाद हुई इस कार्रवाई से अब स्थानीय स्तर पर भी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Tags:    

Similar News