Hardoi News: मल्लावां पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता, एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार
Hardoi News: हरदोई में मल्लावां पुलिस और एसटीएफ आगरा की संयुक्त कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे एक लाख के इनामी बदमाश कलुआ को गिरफ्तार किया गया।
मल्लावां पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता, एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Hardoi News: हरदोई पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। मल्लावां पुलिस और एसटीएफ आगरा की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी कलुआ पुत्र लाल मोहम्मद को दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त कलुआ मूल रूप से कासगंज नगर क्षेत्र के नदरई मोहल्ले का रहने वाला है। उसे रेलवे ब्रिज हाथी घाट क्षेत्र, थाना छाता से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश कई जिलों की पुलिस कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ रेंज द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
यह मामला वर्ष 2020 में दर्ज हुए बकरी चोरी कांड से जुड़ा है। मल्लावां थाना क्षेत्र में रहने वाले सरूज पुत्र मुन्ना ने सात बकरियां चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में मुकदमा संख्या 447/20 धारा 379 और 411 के तहत केस दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान कलुआ का नाम सामने आया, जिसके बाद वह लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था।पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा बताया जा रहा है। उसके खिलाफ चोरी, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
मल्लावां पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से संगठित अपराध गतिविधियों में शामिल रहा है और कई मामलों में वांछित चल रहा था।इस कार्रवाई को सफल बनाने में मल्लावां पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।
टीम में उपनिरीक्षक विनोद गोस्वामी, हेड कांस्टेबल विजय कुमार, कांस्टेबल आनंद राजपूत सहित एसटीएफ आगरा के उपनिरीक्षक रजनीश चौधरी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों व आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस विभाग ने राहत की सांस ली है, वहीं क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।