Hardoi News: शिल्पी कुशवाहा कांड: परिजनों से मिले अखिलेश यादव, दी सहायता और CBI जांच की उठाई मांग

Hardoi News: हरदोई के मल्लावां में शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड पर सियासत तेज, अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर 5 लाख की मदद दी और CBI जांच की मांग उठाई।

Update:2026-04-30 15:22 IST

शिल्पी कुशवाहा कांड: परिजनों से मिले अखिलेश यादव, दी सहायता और CBI जांच की उठाई मांग (Photo- Newstrack)

Hardoi News: हरदोई के मल्लावां क्षेत्र के रसूलपुर गांव में हुए चर्चित शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड ने अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले लिया है। गुरुवार को अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के साथ गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शिल्पी कुशवाहा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।परिजनों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि यह समय परिवार के लिए अत्यंत दुखद है और समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है।

उन्होंने तत्काल राहत के तौर पर 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और भरोसा दिलाया कि कानूनी लड़ाई में भी पार्टी हर संभव मदद करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह राशि शिल्पी की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन एक सहयोग के रूप में दी जा रही है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि यदि भविष्य में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने पर विचार किया जाएगा।

इस मौके पर अखिलेश यादव ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए CBI जांच की बात कही। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में पत्र लिखकर केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने का आग्रह करेंगे, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को कड़ी सजा मिले। उनका कहना था कि इस घटना में जो भी लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल हैं, उन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

कुछ ही दूरी पर मौजूद थे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पीड़ित परिवार से नहीं आए मिलने

सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 29 अप्रैल को नजदीक में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री और कई मंत्री मौजूद थे, लेकिन किसी ने पीड़ित परिवार से मिलने की जरूरत नहीं समझी। उन्होंने यह भी कहा कि संभव है कि इस घटना की जानकारी तक शीर्ष स्तर पर सही ढंग से न पहुंची हो। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जब समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा, तब प्रशासन सक्रिय हुआ और अधिकारी परिवार से मिलने आए।


इसके अलावा उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की तुलना करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार के समय बने प्रोजेक्ट आज भी बेहतर साबित हो रहे हैं। उन्होंने संडीला में स्थापित पेप्सिको प्लांट और सड़क चौड़ीकरण जैसे कार्यों का भी जिक्र किया।

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” केवल नारा बनकर रह गया है। महिला आरक्षण को लेकर उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी इस दिशा में गंभीर रही है, जबकि मौजूदा सरकार इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने का काम कर रही है।

फिलहाल इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।

Tags:    

Similar News