Hathras News: स्वतंत्रता दिवस से पहले हाथरस में सुरक्षा कड़ी, एसपी ने रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण

Hathras News: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हाथरस एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस बल के साथ शहर में पैदल गश्त की। रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और बच्चों को उपहार बांटकर पुलिस की संवेदनशील पहल का संदेश दिया।

By :  G Singh
Update:2026-08-14 20:18 IST

Hathras News

Hathras News: स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ शहर क्षेत्र में पैदल गश्त की।पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शहर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने आमजन से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों, राहगीरों और आम नागरिकों से बातचीत कर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा जनपद में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक हाथरस रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। रेलवे स्टेशन परिसर, आने-जाने वाले यात्रियों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सघन चेकिंग कराई गई। इस दौरान डॉग स्क्वायड टीम ने भी रेलवे स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग और सुरक्षा जांच की।पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन सहित सभी महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर सतर्कता और प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की तत्काल जांच करने को भी कहा।

बच्चों के साथ बांटी स्वतंत्रता दिवस की खुशियां

सुरक्षा व्यवस्था के निरीक्षण के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक ने पैदल गश्त के दौरान बच्चों से आत्मीयता से संवाद किया और उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। बच्चों को चॉकलेट, बिस्कुट और अन्य उपहार देकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।पुलिस अधीक्षक ने बुजुर्गों से भी संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पुलिस की इस संवेदनशील पहल से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और अपनत्व की भावना और मजबूत हुई।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। उन्होंने सभी जनपदवासियों से आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने तथा राष्ट्र की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।पैदल गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली नगर और प्रभारी निरीक्षक थाना हाथरस गेट सहित पुलिस बल मौजूद रहा।हाथरस पुलिस ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पुलिस ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

Tags:    

Similar News