Hathras News: हाथरस में युवतियों ने सीखी राखी बनाने की कला, अब घर से शुरू करेंगी स्वरोजगार का सफर
Hathras News: हाथरस के जाऊ में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा 18 से 20 अगस्त तक तीन दिवसीय राखी निर्माण प्रशिक्षण दिया गया। युवतियों और महिलाओं ने राखी बनाना सीखा और इसे स्वरोजगार के रूप में अपनाने की बात कही।
Hathras News
Hathras News: कृषि विज्ञान केंद्र, हाथरस द्वारा स्कूल-कॉलेजों और गांवों में जाकर महिलाओं एवं छात्राओं को राखी बनाने के टिप्स दिए जा रहे हैं। इसमें छात्राओं और युवतियों को तरह-तरह की राखियों की डिजाइन के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में 18 से 20 अगस्त 2026 तक जाऊ में तीन दिवसीय राखी निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का संचालन वैज्ञानिक डॉ. शैलजा ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की आकर्षक राखियां बनाने की चरणबद्ध एवं व्यावहारिक जानकारी दी। साथ ही, सामग्री के चयन, आकर्षक डिजाइन, सजावटी वस्तुओं के संयोजन तथा कम लागत में बाजार की मांग के अनुरूप राखियां तैयार करने का प्रशिक्षण दिया।डॉ. आकांक्षा ने कहा कि राखी निर्माण जैसे कौशल आधारित कार्यों से महिलाएं घर से ही स्वरोजगार शुरू कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकती हैं। डॉ. हरविंद्र पाल एवं डॉ. बलवीर सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कौशल विकास एवं स्वरोजगार के महत्व पर प्रकाश डाला।प्रशिक्षण में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुंदर एवं रचनात्मक राखियां तैयार कीं।
कार्यक्रम महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास एवं स्वरोजगार की दिशा में एक उपयोगी पहल साबित हुआ।प्रशिक्षण के दौरान युवतियों और महिलाओं को राखी निर्माण को स्वरोजगार के रूप में अपनाने की सलाह दी गई। साथ ही, इस कार्य को स्थापित करने में हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाओं ने कहा कि वे इस कार्य को अपने घर से शुरू कर कमाई करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार वे अपने-अपने भाइयों की कलाई पर अपने हाथों से बनाई हुई राखियां ही बांधेंगी।महिलाओं की इस बात को सुनकर कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. एसआर सिंह ने छात्राओं, युवतियों और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान कौशल विकास एवं स्वरोजगार से जुड़ी बारीकियों की भी विस्तार से जानकारी दी गई।