Hathras News: कार दुर्घटना ने ली तीन लोगों की जान, पुलिस ने झपकी आने की जताई संभावना

Hathras News: हाथरस के एटा हाईवे पर उमरावपुर के पास हादसा, नोएडा से उन्नाव जा रहे सात लोग सवार थे, पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और जांच शुरू की।

By :  G Singh
Update:2026-08-16 21:54 IST

कार दुर्घटना ने ली तीन लोगों की जान, पुलिस ने झपकी आने की जताई संभावना (Photo- Social Media)

Hathras News: हाथरस में सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के एटा हाईवे पर गांव उमरावपुर के पास शनिवार-रविवार की रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नोएडा से उन्नाव जा रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि ढाई साल के बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सिकंदराराऊ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

अवधेश (मृतक)

नोएडा से सात लोग कार में सवार होकर निकले थे

बताया गया कि नोएडा के एकमूर्ति इलाके से सात लोग कार में सवार होकर उन्नाव में एक गमी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। कार हरदोई जिले के कछवाना थाना क्षेत्र के गांव कलोली निवासी रामजी उम्र 26 वर्ष पुत्र संजय पाल उर्फ पप्पू चला रहे थे। कार में उनके अलावा हरदोई जिले के मल्लना थाना क्षेत्र के अलापुर कोट निवासी अवधेश उम्र 62 वर्ष पुत्र रामस्नेही, जगतपाल उम्र 50 वर्ष पुत्र पुत्तीलाल, बांगरमऊ थाना क्षेत्र के मीरापुर निवासी राजीव कुमार उम्र 33 वर्ष, उनकी पत्नी गोल्डी उम्र 30 वर्ष, उनका ढाई साल का बेटा नक्श और माया उम्र 35 वर्ष पत्नी नेकपाल सवार थीं।

कार जब सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में गांव उमरावपुर के पास एटा हाईवे पर पहुंची, तभी तेज रफ्तार होने के कारण वह अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में कार चला रहे रामजी, अवधेश और जगतपाल की मौत हो गई। वहीं राजीव कुमार, उनकी पत्नी गोल्डी, बेटे नक्श और माया घायल हो गए।

राम जी (मृतक)

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को सिकंदराराऊ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों और घायलों के परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतकों और घायलों के रिश्तेदार राजकिशोर निवासी नोएडा ने बताया कि सभी लोग वर्तमान में नोएडा में रह रहे थे। उन्नाव में एक गमी में शामिल होने के लिए सभी लोग कार से जा रहे थे। रास्ते में अचानक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और एक बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए।

जगत पाल (मृतक)

पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर गए

परिजनों को हादसे की सूचना मिलने के बाद वे जिला अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद परिजन तीनों मृतकों के शव अपने साथ घर लेकर चले गए। अस्पताल में भर्ती घायल भी बाद में परिजनों के साथ चले गए।

एसपी ने झपकी आने की जताई संभावना

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि रविवार सुबह करीब तीन बजे एक कार नोएडा से हरदोई जा रही थी। संभवतः चालक को झपकी आने के कारण कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। कार में एक बच्चे समेत सात लोग सवार थे। हादसे के बाद एक बच्चे समेत चार लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया, लेकिन तब तक तीन लोगों की जान जा चुकी थी। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News