Jalaun News: बॉर्डर पर सनगढ बैरियर के पास चेकिंग के दौरान सूचना, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
Jalaun News: जालौन में सनगढ बैरियर के पास चेकिंग के दौरान मिली सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाई और बड़ा हादसा टल गया।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: औरैया बॉर्डर पर मंगलवार देर रात ड्यूटी चेकिंग के दौरान पुलिस की तत्परता से यमुना नदी में छलांग लगाने जा रहे 19 वर्षीय युवक की जान बचा ली गई। युवक पारिवारिक कलह से परेशान होकर यमुना पुल से नदी में कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश में था। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उसे छलांग लगाने से पहले ही पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार कुढौ़द थाना क्षेत्र मे 11 और 12 अगस्त की मध्यरात्रि सनगढ बैरियर पर पुलिसकर्मी ड्यूटी चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल से उतरकर यमुना पुल पर खड़ा है और नदी में छलांग लगाने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी शंकरपुर उपनिरीक्षक रामवीर सिंह कांस्टेबल अमित कटियार के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।
पुलिस टीम ने यमुना पुल पर पहुंचकर युवक को तलाशा। युवक नदी में छलांग लगा पाता, इससे पहले ही पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुखदेव पुत्र ध्यान सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी शाला मंदिर, औरैया बताया। युवक ने पुलिस को बताया कि घर में पारिवारिक कलह के चलते वह मानसिक रूप से परेशान था और इसी कारण यमुना नदी में कूदकर अपनी जान देना चाहता था। पुलिस ने युवक को समझाकर शांत कराया। इसके बाद उसकी मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर सहित उसे तत्काल देवकली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की समय रहते दिखाई गई सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया।