Jalaun News: प्रेमी से मिलने की जिद पर टावर पर चढ़ी शादीशुदा महिला, पुलिस समझाइश से मामला शांत हुआ

Jalaun News: जालौन में एक शादीशुदा महिला प्रेमी से मिलने की जिद में बीएसएनएल टावर पर चढ़ गई। पुलिस और प्रेमी के समझाने के बाद मामला शांत हुआ और महिला नीचे उतर आई।

By :  Afsar Haq
Update:2026-05-14 19:19 IST

Jalaun News

Jalaun News: जनपद के उरई शहर स्थित कालपी रोड पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने प्रेमी से मिलने की जिद में बीएसएनएल (BSNL) टावर पर चढ़ गई। महिला ने टावर से कूदकर जान देने की धमकी दी, जिससे मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, जिद पर अड़ी महिला ने किसी की एक न मानी। अंततः प्रेमी के मौके पर पहुंचने और उसके द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद ही इस हाईवोल्टेज ड्रामे का अंत हुआ।

गुरुवार दोपहर टावर पर चढ़ी महिला लगातार अपने प्रेमी को बुलाने की मांग कर रही थी। उसकी जिद थी कि जब तक प्रेमी नहीं आएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस और स्थानीय लोग महिला को समझाते रहे, लेकिन वह अपनी बात पर अडिग रही।आखिरकार पुलिस ने महिला के प्रेमी को ढूंढकर मौके पर बुलाया। प्रेमी को देखते ही महिला टावर से नीचे उतर आई। नीचे उतरते ही वह प्रेमी से लिपटकर फूट-फूट कर रोने लगी और कुछ ही देर में बेहोश हो गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे संभाला और उपचार की स्थिति सुनिश्चित की।

जानकारी के अनुसार, महिला की पहले दो शादियां हो चुकी हैं, लेकिन वह अब अपने प्रेमी से विवाह करना चाहती है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें पुलिस ने हस्तक्षेप कर सुलह-समझौता कराया था। इसके बावजूद मामला दोबारा बिगड़ने से यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। फिलहाल पुलिस दोनों को अपने साथ कोतवाली ले गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News