Jalaun News: जालौन से प्रयागराज तक यमुना यात्रा 2.0 शुरू, जल सहेलियों ने लिया नदी संरक्षण का संकल्प

Jalaun News: कालपी के पीला घाट से शुरू हुई यात्रा 14 दिसंबर को प्रयागराज में संपन्न होगी, जल सहेलियों ने यमुना को स्वच्छ और अविरल बनाने का संकल्प लिया।

By :  Afsar Haq
Update:2026-11-29 21:42 IST

जालौन से प्रयागराज तक यमुना यात्रा 2.0 शुरू, जल सहेलियों ने लिया नदी संरक्षण का संकल्प (Photo- Newstrack)

Jalaun News: जालौन यमुना नदी को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाने के साथ ही उसके संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को कालपी के ऐतिहासिक पीला घाट से 352 किलोमीटर लंबी यमुना यात्रा 2.0 का शुभारंभ किया गया। 29 नवंबर से शुरू हुई यह यात्रा 14 दिसंबर को प्रयागराज में संपन्न होगी। यात्रा की शुरुआत मां वनखंडी देवी शक्तिपीठ से कलश यात्रा निकालकर की गई। इसके बाद पीला घाट पर यमुना नदी संरक्षण सम्मेलन आयोजित हुआ।

सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरणविदों और विभिन्न जनपदों से पहुंचीं जल सहेलियों ने यमुना को प्रदूषणमुक्त बनाने का संकल्प लिया। जल सहेली संगठन के संस्थापक संजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा महज पदयात्रा नहीं, बल्कि नदी संरक्षण के लिए जनजागरण और जनभागीदारी का अभियान है। यात्रा के दौरान यमुना किनारे बसे गांवों में लोगों से संवाद कर नदी की समस्याओं को समझा जाएगा और उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।

मध्य प्रदेश शासन के विशेष पुलिस महानिरीक्षक (रेल) राजा बाबू सिंह ने कहा कि नदियां भारतीय सभ्यता और संस्कृति की आधारशिला हैं, लेकिन शहरीकरण और औद्योगिक गतिविधियों के चलते यमुना प्रदूषण की गंभीर समस्या से जूझ रही है। नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखने के साथ ही उसके फ्लड प्लेन को अतिक्रमणमुक्त करना बेहद जरूरी है।


इतिहास संकलन के सह संगठन मंत्री संजय श्रीहर्ष ने नदी किनारे जैविक खेती को बढ़ावा देने, सहायक नदियों को पुनर्जीवित करने और तटों पर पौधरोपण करने पर जोर दिया। उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने जल सहेलियों के प्रयासों की सराहना की। कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने अभियान में जनसहभागिता को जरूरी बताया।

जिलाधिकारी समीर कुमार ने यमुना में नालों का गंदा पानी जाने से रोकने, अपशिष्ट का शोधन कराने और नदी किनारे अतिक्रमण हटाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. अरुण मैहरोत्रा, नरेंद्र सिंह जादौन, जल सहेली संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पा कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि यमुना की पूजा के साथ उसकी स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

Tags:    

Similar News