Jalaun News: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, युवाओं के नाम जुड़वाने पर जोर
Jalaun News: डीएम समीर ने कालपी के बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ को घर-घर संपर्क करने के निर्देश दिए, 18 साल पूरे कर चुके युवाओं और महिलाओं को किया जाएगा जागरूक।
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, युवाओं के नाम जुड़वाने पर जोर (Photo- Newstrack)
Jalaun News: मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए, इसके लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता और पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर ने कालपी क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को दिए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत डीएम ने उच्च प्राथमिक विद्यालय कालपी स्थित बूथ संख्या 329 से 334 तथा कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय सदर बाजार कालपी स्थित बूथ संख्या 296, 297 और 298 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नए नाम शामिल करने, नामों में संशोधन और प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने बीएलओ से कहा कि अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र नागरिकों से संपर्क करें और उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल कराने पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की मतदाता के रूप में भागीदारी जरूरी है।
डीएम ने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले सभी दावों और आपत्तियों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निस्तारण किया जाए। बीएलओ पूरी तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी कालपी विनय कुमार मौर्य सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।