Jalaun News : जालौन में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से रिटायर शिक्षक की दर्दनाक मौत

Jalaun News : जालौन के कोंच में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से रिटायर शिक्षक की मौत, सड़क पार करते समय हुआ दर्दनाक हादसा

By :  Uzma
Update:2026-04-19 20:17 IST

Retired Teacher Killed in Speeding Bike Accident in Jalaun

Jalaun News: जालौन के कोंच में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में रिटायर शिक्षक की जान चली गई। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल शिक्षक ने कानपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार कोंच रोड स्थित सीएचसी के पास शनिवार देर शाम एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जिसमें रिटायर शिक्षक जगत प्रसाद निरंजन (65) की मौत हो गई। वह मूल रूप से ग्राम इमलोरी के रहने वाले थे और उत्तराखंड में शिक्षक पद से सेवानिवृत्त होने के बाद कोंच में मथुरा प्रसाद महाविद्यालय के पास अपने मकान में पत्नी राजकुमारी के साथ रह रहे थे।

बताया गया कि शनिवार शाम वह घर का कूड़ा डालने के लिए उरई-कोंच रोड पार कर सीएचसी की ओर गए थे। कूड़ा डालकर लौटते समय जैसे ही वह सड़क पार करने लगे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी स्थिति में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर के लिए रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।मृतक के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। बेटा बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Tags:    

Similar News