Jalaun News: जालौन में तालाब में डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत, चप्पल और मोबाइल से चला पता

Jalaun News: जालौन के सिहारी गांव में 19 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। शौचालय के पास मोबाइल और चप्पल मिलने के बाद ग्रामीणों ने खोजबीन कर शव बरामद किया।

By :  Uzma
Update:2026-04-19 16:23 IST

Jalaun News: क्षेत्र के गांव सिहारी में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 19 वर्षीय युवक ओमजी उर्फ बेटू राजावत की तालाब में डूबने से मौत हो गई। युवक के शौचालय के पास चप्पल और मोबाइल फोन मिलने के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों की मदद से तालाब में खोजबीन की गई और कुछ ही देर बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिहारी निवासी धुरुव सिंह अपनी पत्नी नीतू के साथ सूरत में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका इकलौता पुत्र ओमजी उर्फ बेटू ग्वालियर में रहकर एसएससी की तैयारी कर रहा था। करीब एक महीने पहले पिता के गांव आने पर बेटू भी घर आ गया था, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था।

रविवार सुबह बेटू घर से शौच के लिए निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने जब उसके मोबाइल पर कॉल किया तो फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद शौचालय के पास उसकी चप्पल और मोबाइल रखा मिला, जिससे परिजन घबरा गए। सूचना मिलने पर ग्रामीण एकत्र हुए और तालाब में तलाश शुरू की।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी मौके का निरीक्षण किया। ग्रामीणों की मदद से युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पिता धुरुव सिंह, मां नीतू और बहन मुस्कान का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि डूबने के कारणों की जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News