Jalaun News: जालौन में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, तीन अंतरराज्यीय अपराधी घायल होकर गिरफ्तार, हथियार बरामद
Jalaun News: जालौन के उरई में देर रात पुलिस मुठभेड़ में तीन अंतरराज्यीय बदमाश घायल होकर गिरफ्तार, हथियार और नकदी बरामद
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: जालौन के उरई क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन कुख्यात अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से हथियार, कारतूस और नकदी बरामद करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, राजकीय मेडिकल कॉलेज के पीछे देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच आमने-सामने फायरिंग शुरू हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि दोनों ओर से एक दर्जन से अधिक राउंड गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भारत भील निवासी धार, अनिल भील निवासी आलीराजपुर और दिनेश भील निवासी धार (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। ये सभी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं और कई राज्यों के साथ विदेश तक में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। मुठभेड़ के दौरान उरई कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह पर भी बदमाशों ने फायरिंग की। एक गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वे बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो 315 बोर के तमंचे, एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, 21 जिंदा कारतूस और करीब 61 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बताया गया कि बरामद रिवॉल्वर आजमगढ़ मेडिकल कॉलेज से चोरी की गई थी। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फिलहाल, तीनों घायल बदमाशों का इलाज जारी है।