Jalaun News: दर्दनाक सड़क हादसा, इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार की मौत, मां गंभीर घायल
Jalaun News: जालौन में सड़क हादसे में इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार नीरज गुप्ता की मौत हो गई, उनकी मां गंभीर रूप से घायल हैं।
Jalaun News: जनपद में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं व्यापारियों ने शोक में अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
जानकारी के अनुसार, माधौगढ़ कस्बे के प्रतिष्ठित व्यवसायी और चंदन कारपोरेशन के मालिक तथा पूर्व व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष संतराम गुप्ता के बड़े पुत्र नीरज गुप्ता (47) की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नीरज अपनी मां संतोषी देवी (68) के साथ रविवार दोपहर कार से माधौगढ़ लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार छिरिया छैपुला पुल के पास पहुंची, तभी अचानक नीरज को झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने नीरज गुप्ता को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी मां संतोषी देवी का इलाज जारी है। नीरज गुप्ता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता संतराम गुप्ता, भाई मनीष गुप्ता, पत्नी अर्चना गुप्ता और पुत्र नयन व सचिन गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही कस्बे में शोक की लहर फैल गई।