Jalaun News: जालौन में गेहूं खरीद पर सख्ती: डीएम का औचक निरीक्षण, ₹2585 MSP पर जारी खरीद
Jalaun News: जालौन में गेहूं खरीद व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए डीएम ने मंडियों का निरीक्षण किया। 2585 रुपये प्रति कुंतल MSP पर खरीद जारी है और किसानों को सीधे केंद्रों पर बिक्री के लिए प्रोत्साहित किया गया।
Jalaun News
Jalaun News: जालौन में गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए जिलाधिकारी ने मंडियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। किसानों से संवाद कर समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया गया।जनपद जालौन में गेहूं खरीद व्यवस्था को पारदर्शी, सुचारु और किसान हितैषी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जालौन व कोंच मंडी में स्थापित खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने जालौन मंडी के 8 और कोंच मंडी के 2 खरीद केंद्रों पर पहुंचकर बारदाना उपलब्धता, तौल व्यवस्था, खरीद प्रक्रिया और किसानों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 64 गेहूं खरीद केंद्र संचालित हैं, जहां सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं। एफसीआई और पीसीएफ केंद्रों पर पर्याप्त बारदाना उपलब्ध है, जिससे खरीद कार्य निर्बाध रूप से जारी है। उन्होंने किसानों को जागरूक करते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित 2585 रुपये प्रति कुंतल समर्थन मूल्य बाजार दर से बेहतर है, इसलिए किसान सीधे केंद्रों पर ही अपनी उपज बेचें और बिचौलियों से बचें।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने एक किसान की ट्रॉली की अनलोडिंग प्रक्रिया भी देखी और किसानों से फीडबैक लिया। व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को इसी स्तर को बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी हेमंत पटेल, ज्योति सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।