Jhansi में भ्रष्टाचार के मामले में लेखपाल पर मुकदमा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरफ्तार समेत कई बड़ी खबरें

Jhansi News:गैंगरेप मामले में फरार पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरफ्तार, स्कॉर्पियो के बकाया भुगतान को लेकर शिकायत, अलग-अलग घटनाओं में पांच की मौत और चोरी के जेवरों के साथ दो गिरफ्तार।

Update:2026-11-26 22:19 IST

Jhansi में भ्रष्टाचार के मामले में लेखपाल पर मुकदमा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरफ्तार समेत कई बड़ी खबरें (Photo- Social Media)

Jhansi News: झांसी में भ्रष्टाचार, अपराध और हादसों से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं। आय से अधिक संपत्ति के मामले में लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, गैंगरेप के मामले में लंबे समय से फरार पूर्व ब्लॉक प्रमुख को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसके अलावा स्कॉर्पियो के बकाया भुगतान, पांच लोगों की मौत, मारपीट के मामले में सजा और चोरी के खुलासे की घटनाएं भी सामने आई हैं।

लेखपाल ने आय से 1.11 करोड़ रुपये अधिक किए खर्च

भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने सीपरी बाजार के रायगंज निवासी लेखपाल बद्री प्रसाद दीक्षित के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मुकदमा दर्ज कराया है। जांच में उनकी वैध आय 69,69,828 रुपये मिली, जबकि उन्होंने संपत्ति अर्जित करने और भरण-पोषण पर 1,81,43,016 रुपये खर्च किए। यानी आय से 1,11,73,188 रुपये अधिक खर्च किए गए। इससे पहले 29 नवंबर 2021 को उन्हें दाखिल-खारिज के नाम पर छह हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था। उस दिन उनके बेटे की बारात उठने वाली थी।

गैंगरेप का आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरफ्तार

रक्सा थाना क्षेत्र में अनुसूचित जाति की महिला से गैंगरेप के मामले में फरार पूर्व ब्लॉक प्रमुख नारायण राजपूत को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पीड़िता ने 21 अगस्त 2026 की रात घर में घुसकर जीतू कुशवाहा और नारायण राजपूत पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। जीतू पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।

स्कॉर्पियो के 2.50 लाख रुपये बकाया का आरोप

पूंछ मंडल भाजपा अध्यक्ष गुरदीप सिंह गुर्जर पर वाहन विक्रेता बजकिशोर पाल ने स्कॉर्पियो खरीदने के बाद 2.50 लाख रुपये नहीं देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पूंछ थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत

कुएं में गिरने से रवीना अहिरवार, सड़क हादसों में गुलजारी लाल और जैन सिंह की मौत हो गई। वहीं, लालजी और शिल्पी ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।

मारपीट में तीन दोषियों को तीन साल की सजा

मऊरानीपुर न्यायालय ने 1996 के मारपीट मामले में वीरेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह और धर्मेंद्र सिंह को तीन साल के कारावास और दस हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

चोरी के जेवरों के साथ दो गिरफ्तार

प्रेमनगर पुलिस ने शालिनी और उसके प्रेमी संजय अहिरवार को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 25 अक्टूबर 2026 को अंजलि अहिरवार के घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद कर दोनों को जेल भेज दिया।

Tags:    

Similar News