Jhansi News: DM ने की जनपदवासियों से ऑनलाइन स्व-गणना करने की अपील, 22 मई से शुरू होगी मकान गणना
Jhansi News: झांसी डीएम गौरांग राठी ने नागरिकों से 7 से 21 मई तक ऑनलाइन स्व-गणना करने और SE ID सुरक्षित रखने की अपील की है।
झांसी डीएम गौरांग राठी ने की जनपदवासियों से ऑनलाइन स्व-गणना करने की अपील, 22 मई से शुरू होगी मकान गणना (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपदवासियों से “भारत की जनगणना 2027” के तहत ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जनगणना का पहला चरण, यानी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना, उत्तर प्रदेश में 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक चलेगा। इस प्रक्रिया से पहले लोगों को 15 दिनों की स्व-गणना की सुविधा दी गई है, ताकि परिवार स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकें।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में स्व-गणना चरण 07 मई से 21 मई 2026 तक निर्धारित किया गया है। यह प्रक्रिया मकान सूचीकरण कार्य शुरू होने से पहले पूरी की जाएगी। स्व-गणना जनगणना 2027 की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके जरिए परिवार सीधे आधिकारिक पोर्टल पर अपनी जनगणना से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं। इससे आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी।
घर बैठे 15 से 20 मिनट में पूरी होगी प्रक्रिया
जिलाधिकारी ने बताया कि सामान्य निवासी जनगणना अधिकारी के घर आने से पहले https://se.census.gov.in
पोर्टल पर जाकर स्व-गणना कर सकते हैं। यह पोर्टल अंग्रेजी, हिन्दी और 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है। परिवार का कोई भी सदस्य लगभग 15 से 20 मिनट में पूरी प्रक्रिया पूरी कर सकता है।
उन्होंने बताया कि अंतिम सबमिशन के बाद “एच” अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की एक यूनिक स्व-गणना आईडी यानी एसईआईडी जनरेट होती है। इस आईडी को नोट करके सुरक्षित रखना जरूरी है या मोबाइल में सेव कर लेना चाहिए। यह आईडी एसएमएस और उपलब्ध होने पर ईमेल के माध्यम से भी परिवार के साथ साझा की जाती है।
प्रगणक को दिखानी होगी एसईआईडी
डीएम गौरांग राठी ने बताया कि जब मकान सूचीकरण कार्य के दौरान जनगणना प्रगणक घर पहुंचेगा, तब मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से सत्यापन के लिए इस एसईआईडी को दिखाना जरूरी होगा। उन्होंने कहा कि मान्य एसईआईडी इस बात का प्रमाण होगी कि परिवार का डेटा सफलतापूर्वक दर्ज किया जा चुका है। इसलिए सभी लोगों को इस प्रक्रिया की गंभीरता और महत्व को समझते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
11 मई को विशेष जनजागरूकता अभियान का पंचम दिवस
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों के अनुसार 07 मई से 21 मई 2026 तक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत लोगों को सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि 11 मई 2026, सोमवार को विशेष जनजागरूकता अभियान के पंचम दिवस पर सभी लोग स्वयं भी स्व-गणना करें और अपने पदाधिकारीगण, सदस्यगण और मित्रजनों को भी https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्व-गणना करने के लिए प्रेरित करें।
सोशल मीडिया पर फोटो साझा करने की भी अपील
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने लोगों से यह भी अपील की कि स्व-गणना करते समय की फोटो अपने सोशल मीडिया और व्हाट्सएप स्टेटस पर साझा करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इस डिजिटल जनगणना प्रक्रिया की जानकारी पहुंचे और अन्य नागरिक भी इसके लिए प्रेरित हो सकें।