Jhansi News: लोको पायलट मोहसिन हसन खान को मिला “एम्प्लॉई ऑफ द मंथ” सम्मान

Jhansi News: झांसी मंडल में लोको पायलट मोहसिन हसन खान की सतर्कता से ट्रेन में संभावित हॉट एक्सल घटना टली, रेलवे ने सम्मानित कर नकद पुरस्कार दिया।

Update:2026-05-11 20:39 IST

लोको पायलट मोहसिन हसन खान को मिला “एम्प्लॉई ऑफ द मंथ” सम्मान (Photo- Newstrack)

Jhansi News: झांसी मंडल में कार्यरत लोको पायलट (गुड्स) मोहसिन हसन खान को उनकी सतर्कता और त्वरित कार्यवाही के लिए सम्मानित किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने उन्हें “एम्प्लॉई ऑफ द मंथ” अवार्ड देकर सम्मानित किया। कर्मचारी की कर्तव्यनिष्ठा, सजगता और रेलवे सुरक्षा के प्रति समर्पण को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया। इस दौरान उन्हें दो हजार रुपए का नगद पुरस्कार, “एम्प्लॉई ऑफ द मंथ” अवार्ड और प्रशस्ति पत्र भी दिया गया।

गाड़ी संचालन के दौरान दिखाई सतर्कता

जानकारी के मुताबिक 25 अप्रैल 2026 को मोहसिन हसन खान वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी 3324 में गाड़ी संख्या जीजे-173 और लोको संख्या 31720 कानपुर पर ड्यूटी कर रहे थे। वह वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–सागर रेलखंड पर कार्यरत थे। इसी दौरान जब उनकी गाड़ी झांसी यार्ड यूपी एमएल से गुजर रही थी, तब उन्होंने डाउन दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 22469 से धुआं निकलते हुए देखा।

स्थिति को गंभीर समझते हुए उन्होंने तुरंत बिना समय गंवाए बीपीए के माध्यम से संबंधित ट्रेन मैनेजर और डिप्टी एसएस जेएसए को इसकी सूचना दी। कर्मचारी की तत्परता के बाद तुरंत कार्रवाई शुरू की गई।

बिजौली स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन

सूचना मिलने के बाद गाड़ी संख्या 22469 को बिजौली स्टेशन पर रोका गया। वहां जांच के दौरान पता चला कि सी-5 कोच की झांसी दिशा वाली ट्रॉली के ब्रेक ब्लॉक जाम हो गए थे। जांच टीम ने संबंधित दोष को रिलीज और आइसोलेट किया। इसके बाद ट्रेन का सुरक्षित संचालन दोबारा शुरू कराया गया।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक अगर समय रहते यह सूचना नहीं मिलती तो “हॉट एक्सल” जैसी गंभीर घटना हो सकती थी। मोहसिन हसन खान की सजगता और समय पर दी गई सूचना से संभावित बड़ा हादसा टालना संभव हो सका।

अधिकारी भी रहे मौजूद

सम्मान समारोह के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन सहित मंडल की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कर्मचारी की सतर्कता और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए इसे रेलवे सुरक्षा के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

Tags:    

Similar News