Jhansi News: पीजीटी परीक्षा में भारी अनुपस्थिति, 3992 में 2493 ने छोड़ी परीक्षा
Jhansi News: झांसी के छह केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में हुई पीजीटी परीक्षा, पहले दिन आधे से ज्यादा अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित, प्रशासन ने किया निरीक्षण।
पीजीटी परीक्षा में भारी अनुपस्थिति, 3992 में 2493 ने छोड़ी परीक्षा (Photo- Social Media)
Jhansi News: झांसी। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा (पीजीटी) दो दिवसीय लिखित- 2022 की परीक्षा का आयोजन किया गया। यह परीक्षा नगर के छह परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई। पहले दिन 3992 परीक्षार्थियों में से 2493 ने परीक्षा छोड़ी है। यह परीक्षा कड़ी सुरक्षा के मध्य संपन्न हुई है। रविवार को भी परीक्षा आयोजित होगी।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल एवं पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा आयोग के प्रेक्षक डॉ अखिलेश मिश्रा के साथ जनपद में छह परीक्षा केंद्रों पर आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा प्रवक्ता (PGT) 02 दिवसीय लिखित-2022 की लिखित परीक्षा 09 एंव 10 मई 2026 को प्रथम पाली में पूर्वाहन 09:30 से 11:30 बजे एवं द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक आयोजित होने वाली परीक्षा की सुचिता को परखा।
परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते हुए अपर जिलाधिकारी/नोडल अधिकारी ने कहा कि जनपद में नकल किसी भी दशा में बर्दास्त नही होगी। परीक्षा में डुप्लीकेट परीक्षार्थी किसी भी दशा में शामिल नहीं हो, इसे कक्ष निरीक्षकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच करना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने एजेंसी को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र का गंभीरता से परीक्षंण उपरांत ही कक्ष में प्रवेश कराया जाए।
छह परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा
नगर में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा प्रवक्ता लिखित परीक्षा -2022 की प्रथम दिवस दो पालियों में 09 मई (शनिवार) को 06 परीक्षा केंद्रों पर सकुशल संपादित हुई। सूरज प्रसाद कन्या इंटर कालेज एवं राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य अथवा केन्द्र व्यवस्थापक के साथ परीक्षा केन्द्र में सीसीटीवी कैमरा, वॉइस रिकॉर्डर के साथ विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैम्प आदि की व्यवस्थाओं को देखा।
परीक्षा नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा प्रवक्ता (पोस्ट ग्रेजुएट टीचर)-2022 लिखित परीक्षा में प्रथम पाली 09 मई को कुल 2117 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए, जिसमें 815 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, 1302 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
परीक्षा केंद्रों पर भ्रमणशील रहा प्रशासनिक अमला
उन्होंने बताया कि द्वितीय पाली में भी 1875 को परीक्षा हेतु पंजीकरण थे परंतु 684 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, 1191 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। इस मौके पर डीआईओएस रती वर्मा, प्रधानाचार्य सूरज प्रसाद बालिका कन्या इंटर कालेज एवं राजकीय इंटर कालेज सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए भ्रमणशील रहें।