Jhansi News: बिजली व्यवस्था सुधार को डीएम के कड़े निर्देश
Jhansi News: विद्युत व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए डीएम ने उठाए कड़े कदम, कंट्रोल रूम में मजिस्ट्रेटों की लगाई शिफ्टवार ड्यूटी
Jhansi News (Social Media)
Jhansi News: जनपद में विद्युत व्यवस्था के सुचारू संचालन, विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण, अनुश्रवण तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा सोशल मीडिया सेल स्थित विद्युत नगरीय वितरण मण्डल कार्यालय, माताटीला हाइडिल कॉलोनी, सिविल लाइंस, झांसी में स्थापित जनपदीय कंट्रोल रूम में मजिस्ट्रेटों/अधिकारीगण की शिफ्टवार ड्यूटी निर्धारित की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रथम शिफ्ट में प्रातः 08:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक अरविंद वर्मा, अवर अभियंता, सिंचाई विभाग को तैनात किया गया है। द्वितीय शिफ्ट में सायं 04:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक रिषभ सिंह, अवर अभियंता, केन बेतवा लिंक नहर परियोजना को जिम्मेदारी सौंपी गई है। तृतीय शिफ्ट में रात्रि 12:00 बजे से प्रातः 08:00 बजे तक राम आरसे, अवर अभियंता, केन बेतवा लिंक नहर परियोजना ड्यूटी पर रहेंगे। रिजर्व अधिकारी के रूप में चन्दन सिंह, अवर अभियंता, भूमि संरक्षण कार्यालय को नामित किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारी/मजिस्ट्रेट अपनी निर्धारित शिफ्ट में जनपदीय कंट्रोल रूम में उपस्थित रहकर प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करेंगे तथा दैनिक रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप पर नोडल अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) को उपलब्ध कराएंगे, जिससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी एवं जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
ओ-लेवल एवं सीसीसी कम्प्यूटर प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित
झाँसी। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के न्यूनतम् इण्टरमीडिएट उत्तीर्ण शैक्षिक योग्यता रखने वाले बेरोजगार युवक/युवतियों, जिनके माता-पिता/अभिभावकों की समस्त स्रोतों से अधिकतम वार्षिक आय रू 01 लाख तक है, को रोजगारपरक कम्प्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में भारत सरकार की संस्था 'नीलिट' (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से 'ओ-लेवल' एवं 'सी०सी०सी०' प्रशिक्षण प्रदान कराया जायेगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कृष्ण पाल सिंह ने बताया कि इस योजना में इच्छुक प्रशिक्षणदायी संस्थाएं 20 मई से 03 जून 2026 तक तथा प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून से 10 जुलाई, 2026 तक कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता, समय-सारिणी एवं आवेदन प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट backwardwelfareup.gov.in तथा योजना पोर्टल obccomputertraining.upsdc.gov.in पर उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन आवेदन के उपरांत प्रशिक्षणदायी संस्थाओं को आवेदन पत्र की हस्ताक्षरित हार्डकॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित 03 जून, 2026 सायं 05 बजे तक तथा अभ्यर्थियों को आवेदन-पत्र की हार्डकॉपी आवश्यक संलग्नकों सहित 10 जुलाई, 2026 सायं 05 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, झाँसी में जमा करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत संस्थाओं का चयन निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा तथा अभ्यर्थियों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय समिति द्वारा किया जाएगा। अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी एवं संस्थाएं विभागीय पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं।