Jhansi News: कर्ज ने बनाया क्रिमिनल, जीजा-सालों ने गल्ला व्यापारी को लूटने की साजिश, चार गिरफ्तार
Jhansi News: झांसी में कर्ज के चलते जीजा ने सालों के साथ मिलकर गल्ला व्यापारी को लूटने की साजिश रची। पुलिस मुठभेड़ में चार लुटेरे गिरफ्तार हुए।
Jhansi News(Photo-Social Media)
Jhansi News: जीजाजी मैं कर्ज से परेशान हूं। मुझे कर्ज अदा करना है,इसलिए पैसों की जरुरत है। साले साहब चिंता मत करो,जहां मैं पल्लेदारी का काम करता हूं। वह व्यापारी करोड़पति है। जैसे ही व्यापारी गल्लामंडी से निकल कर घर जाएगा तो पीछा करके बिक्री का सारा पैसा लूट लेंगे। इस योजना के तहत पल्लेदार (जीजा) ने अपने सालों व पड़ोसी के साथ मिलकर व्यापारी को लूटने की योजना बनाई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में सीपरी बाजार थाना प्रभारी जे पी चौबे, स्वॉट टीम प्रभारी विनय दिवाकर अपनी टीम के साथ गल्ला व्यापारी को गोली मारने वाले आरोपियों की तलाश कर रहे थे। तभी सूचना मिली की सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम लकारा की पुलिया के पास चार बदमाश खड़े है । वह कोई वारदात करने की फिराक में है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची,तो चार बदमाशों ने पुलिस दल पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी फायरिग की जिससे चारों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई जिससे चारों घायल हो गए। चारों का उपचार के लिए अस्पताल ले गए। इसके बाद चारों से पूछताछ की। एसपी सिटी के मुताबिक दतिया के थाना उन्नाव बालाजी के ग्राम सिरसा निवासी शिवम कुशवाहा, सुरेन्द्र कुशवाहा, निवाड़ी के ग्राम कुम्हर्रा निवासी आकाश कुशवाहा और दतिया के थाना सिविल लाइन के अटल बिहार कॉलोनी गली नंबर दो में रहने वाले प्रदुम्म कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।
यह सामान बरामद
04 देशी तमंचा 315 बोर, 06 खोखा कारतूस 315 बोर, 03 जिन्दा कारतूस 315 बोर, एक मोटरसाइकिल टी.वी. एस. स्टार सिटी सफेद रंग की (बिना नं0 की) व 785 रुपए बरामद किए गए।
इसलिए दिया घटना को अंजाम
अभियुक्त शिवम कुशवाहा ने पुलिस को बताया है कि वह गल्ला व्यापारी उमेश गुप्ता के यहां पल्लेदारी का काम करता था। उसे कुछ दिनों पहले निकाल दिया था। इसी बीच उसके साले आकाश कुशवाहा ने उससे मुलाकात की थी और कहा था कि जीजाजी वह कर्ज में फंस गया है। उसे कर्जा अदा करना है। तभी उसे याद आई की जहां पर वह काम करता था। वह करोड़पति व्यापारी है। रोजाना गल्लामंडी की बिक्री का पैसा लेकर घर जाता है। इसके तहत उन्होंने लूटने की योजना बनाई थी। जैसे ही गल्ला व्यापारी स्कूटर से घर के लिए निकला तो उसको हाथ देकर रुकने के लिए कहा था,लेकिन व्यापारी नहीं रुका था ।इसका पीछा करते हुए तमंचा अड़ाया और साले से कहा था की भय पैदा करने के लिए तमंचा निकाल देना,मगर गोली नहीं मारना। अचानक साले से ट्रेगर दब गया और व्यापारी को गोली लग गई थी।
इनके साथ हुई थी घटना
कोतवाली थाना क्षेत्र के नवीन गल्ला मण्डी के पास स्थित कैलाश रेजीडेन्सी में रहने वाले उमेश गुप्ता ने सीपरी बाजार थाने में तहरीर देते हुए बताया है कि वह 12 अगस्त विशिष्ट गल्ला मंडी, भोजला से शाम स्कूटर क्रमांक (यूपी 93 सीएन 4288 से अपने घर लौट रहा था। बूढ़ा पुल के पास राधिका ऑर्चिड कॉलोनी एवं सरोज हॉस्पिटल के मध्य कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मोटरसाइकिल से उसका पीछा करते हुए उसे रोकने का प्रयास किया गया। जब वह नहीं रुका तो उक्त व्यक्तियों द्वारा पीछे से उस पर गोली चला दी गई, जिससे गोली उसके कमर के बाई ओर लगी। गोली लगने के बावजूद यह घायल अवस्था में स्कूटर चलाते हुए अपनी जान बचाकर सरोज हॉस्पिटल तक पहुँचा। पुलिस ने धारा 109 (2) बीएनएस के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया था।