Kanpur: तिरंगा यात्रा और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों को लेकर DM और CDO ने किया निरीक्षण
Kanpur News: कानपुर देहात में 13 अगस्त को तिरंगा यात्रा और 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों का DM कपिल सिंह और CDO विधान जायसवाल ने स्थलीय निरीक्षण किया।
Kanpur News: जनपद में आगामी राष्ट्रीय पर्वों एवं महत्वपूर्ण आयोजनों को भव्य और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी कपिल सिंह और मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने 13 और 14 अगस्त को आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए स्थलीय निरीक्षण किया।
13 अगस्त को अकबरपुर इंटर कॉलेज से निकलेगी तिरंगा यात्रा
आगामी 13 अगस्त 2026 को अकबरपुर इंटर कॉलेज से अकबरपुर बस स्टैंड तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने यात्रा मार्ग का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। इसके साथ ही प्रतिभागियों के लिए पेयजल, साफ-सफाई और आपातकालीन चिकित्सा सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनसहभागिता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
14 अगस्त को अकबरपुर महाविद्यालय में होगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
14 अगस्त को अकबरपुर महाविद्यालय में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि यह दिवस देश के विभाजन के दौरान विस्थापन और पीड़ा झेलने वाले लोगों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है।उन्होंने कार्यक्रम को संवेदनशीलता और गरिमा के साथ आयोजित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराए जाएं।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे अधिकारी
स्थलीय निरीक्षण के दौरान प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इनमें अपर जिलाधिकारी अमित कुमार (प्रशासन), दुष्यंत कुमार मौर्य (वित्त एवं राजस्व) और दिग्विजय सिंह (न्यायिक) शामिल रहे।इसके अलावा जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, उप जिलाधिकारी अकबरपुर, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अकबरपुर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, अकबरपुर महाविद्यालय के प्राचार्य, नगर पंचायत अकबरपुर के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।