Kushinagar News: कुशीनगर में हाई वोल्टेज करंट से संविदा लाइनमैन की मौत, परिजनों का हंगामा

Kushinagar News: कुशीनगर के तमकुहीराज में विद्युत आपूर्ति बहाली के दौरान संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत, परिजनों ने शव रोका और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Update:2025-12-02 21:29 IST

कुशीनगर में हाई वोल्टेज करंट से संविदा लाइनमैन की मौत, परिजनों का हंगामा (Photo- Newstrack)

Kushinagar News: कुशीनगर । जनपद के तमकुहीराज थानाक्षेत्र के गाजीपुर में मंगलवार शाम बिजली सप्लाई बहाल करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। विद्युत उपकेंद्र तमकुहीराज में तैनात संविदा लाइनमैन ध्रुप गोंड (45) हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना से विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार तमकुही राज थाना क्षेत्र के कोईंदी बुजुर्ग निवासी ध्रुप गोंड अपने सहयोगी संविदा लाइनमैन समसुद्दीन अंसारी के साथ गाजीपुर स्कूल टोला क्षेत्र में बाधित आपूर्ति बहाल कर रहे थे। शाम को उपकेंद्र से शटडाउन लेकर कार्य चल रहा था, तभी उपकेंद्र पर मौजूद किसी कर्मचारी ने बिजली आपूर्ति चालू कर दी। पोल पर चढ़े ध्रुप तेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल सीएचसी तमकुहीराज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही विधायक डॉ. असीम कुमार, एसडीएम आकांक्षा मिश्रा, सीओ राकेश प्रताप सिंह और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं अस्पताल परिसर और घटना स्थल पर भारी भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

मृतक के परिजनों ने दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने, आर्थिक सहायता एवं आश्रितों को नौकरी देने की मांग पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से रोक दिया। घंटों की समझाइश के बाद एसडीएम और सीओ के आश्वासन पर परिजन राजी हुए।

Tags:    

Similar News