Lakhimpur Kheri News: डीएम अंजनी कुमार सिंह बने शिक्षक, स्मार्ट बोर्ड पर छात्राओं को पढ़ाया फिजिक्स

Lakhimpur Kheri News: राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के औचक निरीक्षण में डीएम ने छात्राओं से भौतिकी, रसायन और जीव विज्ञान के सवाल पूछे, गौस की प्रमेय हल कराई और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर जोर दिया।

Update:2026-07-14 18:02 IST

 डीएम अंजनी कुमार सिंह बने शिक्षक, स्मार्ट बोर्ड पर छात्राओं को पढ़ाया फिजिक्स (Photo- Newstrack)

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में शिक्षा की गुणवत्ता को परखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मंगलवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम सीधे इंटरमीडिएट की कक्षा में पहुंचे और कुछ ही देर में शिक्षक की भूमिका निभाते नजर आए। उन्होंने स्मार्ट बोर्ड चालू कराया, डिजिटल पेन के माध्यम से भौतिकी का पाठ पढ़ाया और छात्राओं की विषय पर पकड़ को परखा। इस दौरान उन्होंने विषय से जुड़े सवाल पूछकर छात्राओं की अवधारणाओं का परीक्षण किया और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष जोर दिया।

भौतिकी, रसायन और जीव विज्ञान से पूछे सवाल

कक्षा में डीएम ने छात्रा माही और अंशिका से भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे। इसके बाद उन्होंने सौम्या गुप्ता, माही रस्तोगी, अंशिका वर्मा और अनामिका वर्मा को गौस की प्रमेय हल करने के लिए कहा। छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ प्रश्न हल किए, जिस पर डीएम ने उनकी सराहना की। साथ ही उन्होंने गौस की प्रमेय की बारीकियों को भी सरल तरीके से समझाया, ताकि छात्राएं विषय को बेहतर ढंग से समझ सकें।


रटने नहीं, समझकर सीखने पर दिया जोर

कक्षा में मौजूद शिक्षकों और छात्राओं को संबोधित करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रटना नहीं, बल्कि विषय को अच्छी तरह समझना और उसे व्यवहार में उतारना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि विषयों को विजुअलाइजेशन के माध्यम से पढ़ाया जाए तो विद्यार्थियों की अवधारणाएं अधिक मजबूत होती हैं और उनमें सीखने की स्वाभाविक रुचि विकसित होती है।

उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि कठिन विषयों को भी सरल, रोचक और प्रयोगात्मक तरीके से पढ़ाया जाए, ताकि छात्राएं बिना किसी भय के विषय को आसानी से आत्मसात कर सकें।


छात्राओं से उनके सपनों के बारे में भी की बातचीत

निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्राओं के भविष्य के लक्ष्य भी जाने। उन्होंने बायोलॉजी वर्ग की छात्राओं से पूछा कि कौन डॉक्टर बनना चाहती है, जबकि गणित वर्ग की छात्राओं से इंजीनियर बनने की इच्छा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बड़ा सपना ही बड़ी सफलता की पहली सीढ़ी होता है। स्पष्ट लक्ष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही सफलता का मजबूत आधार बनती है।



 स्मार्ट बोर्ड के साथ ब्लैकबोर्ड लगाने के दिए निर्देश

निरीक्षण के अंत में डीएम ने कक्षा में स्मार्ट बोर्ड के साथ ब्लैकबोर्ड भी लगाने के निर्देश दिए, ताकि डिजिटल और पारंपरिक दोनों माध्यमों का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा सके। उन्होंने प्रधानाचार्य शालिनी दुबे से नामांकन के मुकाबले छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

Tags:    

Similar News