Lakhimpur Kheri: ईसानगर पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में फैली दहशत, एक और गिरोह हुआ गिरफ्तार
Lakhimpur Kheri News: ईसानगर पुलिस ने अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और गिरोह को गिरफ्तार किया। लगातार हो रही कार्रवाई से अपराधियों में दहशत का माहौल है।
Lakhimpur Kheri News(Photo-Social Media)
Lakhimpur Kheri News: धौरहरा सर्किल के ईसानगर,खमरिया व धौरहरा क्षेत्र में पिछले दिनों लगातार हुई चोरी की घटनाओं से परेशान लोगों को राहत देते हुए ईसानगर थाना प्रभारी ने एक और बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। उन्होंने चोरी की वारदातों में वांछित एक शातिर आरोपी समेत चोरी का माल खरीदने और छिपाने वाले दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया,जिनके पास से सोने-चांदी के आभूषणों के साथ 69 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
धौरहरा,ईसानगर व खमरिया क्षेत्र में पिछले दिनों हुई ताबड़तोड़ चोरियों से फैली दहशत को नवागत थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने गंभीरता से लेते हुए एक तरफ जहां मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय गिरोह को गिरफ्तार कर जेल भेजा वही गुरुवार को एक और एक और बड़े गिरोह का भंडा फोड़कर बड़ी मात्रा में चोरी का माल सहित नकदी बरामद करते हुए सभी को जेल भिजवा दिया। इसमें सुनील यादव पुत्र अवतारी यादव निवासी खमरिया,हर्षित रस्तोगी पुत्र राजेश रस्तोगी निवासी बसहिया थाना खमरिया सहित मोनिस पुत्र मुन्ना अंसारी निवासी श्यामलाल पुरवा थाना खीरी शामिल है। इस बाबत थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी सुनील यादव पर ईसानगर,धौरहरा और खमरिया थाना क्षेत्रों में करीब दर्जन भर चोरी सहित अन्य दर्ज मुकदमों में वांछित था।
उसकी गिरफ्तारी के बाद चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की भी जानकारी मिली,जिसके आधार पर हर्षित व मोनिस को गिरफ़्तार किया गया। जिनके पास से झुमकी, बालियां, मंगलसूत्र, नथ, मांग टीका समेत पायल, करधनी और अन्य आभूषण बरामद हुए हैं। यही नही पुलिस का कहना है कि इन गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।वही क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ समय से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर भय और असुरक्षा का माहौल था। जिसे थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह की इस कार्रवाई से लोगों में भरोसा बढ़ा है और उम्मीद जगी है कि चोरी की अन्य घटनाओं का भी जल्द खुलासा होगा।