Lucknow News: राजधानी की सुंदरता पर अगर लगाएंगे 'दाग' तो होगी एफआईआर, शुरू हुई कार्रवाई

Lucknow: राजधानी लखनऊ में सार्वजनिक संपत्तियों, दीवारों, फ्लाईओवर की दीवारों, डिवाइडर, विद्युत पोल पर अवैध पेंटिंग और चिपकाएं गये पोस्टरों को हटाया जा रहा है।

Update: 2022-05-28 14:39 GMT

 लखनऊ होगा गंदगी मुक्त: Photo - Social Media

Lucknow: राजधानी के सौंदर्य को निखारने और गंदगी से मुक्त (Lucknow free from dirt) रखने के लिए नगर निगम (municipal Corporation) ने अभियान शुरू किया है। इसके तहत सभी सार्वजनिक संपत्तियों, दीवारों, फ्लाईओवर की दीवारों, डिवाइडर, विद्युत पोल पर अवैध पेंटिंग और चिपकाएं गये पोस्टरों को हटाया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी जोनल अधिकारियों को सौंपी गई है। जोनल अधिकारी टीमों का गठन कर शहर के समस्त क्षेत्रों में अवैध होर्डिंग्स, बैनर, स्टीकर, पम्पलेट, वॉल पेन्टिंग, प्रचार सामग्रियां अभियान चलाकर हटा रहे हैं।

इस अभियान में अवैध रूप से प्रचार सामग्री लगाये जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लोक सम्पत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही कर एफआईआर करने के साथ-साथ समस्त जोन एवं प्रचार विभाग द्वारा कुल 295 विभिन्न प्रकार की प्रचार सामग्री यथा पोस्टर, बैनर, होर्डिंग, क्यास्क, वॉलराइटिंग, स्टीकर, पम्पलेट इत्यादि हटायी गयी।


प्रचार सामग्री पाये जाने पर होगी विधिक कार्यवाही

इस संबंध में बताया गया है कि उक्त अभियान निरंतर चलाते हुए किसी भी स्थान पर प्रचार सामग्री पाये जाने तथा उसको हटाने के साथ-साथ विधिक कार्यवाही प्रतिदिन की जायेगी। गंदगी के विरूद्ध चलाये जाने वाले निरंतर अभियान के अंतर्गत गंदगी फैलाने वाले 583 व्यक्तियों से 64430 जुर्माना वसूला गया। नगर निगम के व्यवसायिक क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों एवं स्ट्रीट वेन्डर द्वारा कूड़े को निर्धारित एजेंसी (ईकोग्रीन) को न देकर सड़क पर डाल दिया जा रहा है। जिससे स्वच्छ लखनऊ-स्वस्थ्य लखनऊ की अवधारणा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस प्रकार के गंदगी पर रोक लगाने एवं नगर को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से गंदगी करने वाले व्यक्तियों पर जुर्माने का प्राविधान किया गया है।


प्रत्येक वार्ड में बाजारवार अधिकारियों व सुपरवाइजरों की तैनाती

इस क्रम में नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में बाजारवार अधिकारियों व सुपरवाइजरों की तैनाती की गयी है। जो कि स्वच्छ भारत मिशन की गाईडलाइन के अनुसार प्रतिदिन सायंकाल 4 बजे से 6 बजे तक मौके पर 50 से 1,000 रुपये तक जुर्माना वसूली सुनिश्चित करेंगे। इसी के साथ ही जोन-1 के अंतर्गत 54 व्यक्तियों पर 4050 जुर्माना लगाया गया। जोन-2 के अंतर्गत 89 व्यक्तियों पर 4450 का जुर्माना अधिरोपित कर वसूल किया गया।


जुर्माना वसूल किया गया

जोन-3 के अंतर्गत 120 व्यक्तियों पर 36835 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। जोन-4 के अंतर्गत 73 व्यक्तियों पर 5400 रुपये का जुर्माना अधिरोपित कर वसूल किया गया। जोन-5 के अंतर्गत 52 व्यक्तियों पर 2165 का जुर्माना वसूल किया गया। जोन-6 से 63 व्यक्तियों से 3020 रुपया वसूल किया गया। जोन-7 से 57 व्यक्तियों से 3520 का जुर्माना वसूल किया गया। जोन-8 से 75 व्यक्तियों से 4990 का जुर्माना अधिरोपित कर वसूल किया गया।

Tags:    

Similar News