Akhilesh Yadav Birthday: लखनऊ में भाजपा नेता ने होर्डिंग लगाकर दी बधाई, लिखा- 'प्रभु से है कामना... कभी न कराए सत्ता वापसी'

Akhilesh Yadav Birthday: भाजपा नेता अमित त्रिपाठी ने होर्डिंग में बधाई देते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर तंज कसा।

Update:2025-07-01 13:11 IST

Akhilesh Yadav Birthday

Akhilesh Yadav Birthday:  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश का आज जन्मदिन है। ऐसे में प्रदेश भर के नेता जमीनी स्तर पर लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पहुंचकर अखिलेश यादव को बधाई देने के साथ साथ अलग अलग प्रकार के आयोजन कर रहे हैं। इसी बीच लखनऊ में एक युवा भाजपा नेता ने भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी।

ये भी कोई साधारण बधाई नहीं बल्कि बीच चौराहे होर्डिंग लगाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी और लिखा कि 'प्रभु से है कामना... कभी न सत्ता वापसी कराएं।' भाजपा नेता की ओर से लगाई गई ये होर्डिंग सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

युवा मोर्चा के महामंत्री ने लगवाई होर्डिंग, बधाई देने के साथ ही कसा तंज

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री अमित त्रिपाठी ने लखनऊ हजरतगंज चौराहे और 1090 चौराहे पर होर्डिंग लगाते हुए अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी। भाजपा नेता अमित त्रिपाठी ने होर्डिंग में तंज कसते हुए लिखा कि 'दलितों से लाभ लेने वाले, ब्राह्मणों के नाम पर वोट लेने वाले, पिछड़ों को सिर्फ वोटबैंक समझने वाले, गुंडे और बदमाशों की फौज के लीडर, माफियाओं का हर सुख-दुःख में साथ देने वाले, उत्तर प्रदेश को अपराधिक प्रदेश में तब्दील करने नेता श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं'।

भगवान से की दुआ- 'कभी न हो सत्ता वापसी'

भाजपा नेता अमित त्रिपाठी ने होर्डिंग में बधाई देते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर तंज कसा। इसके साथ ही अखिलेश यादव की एक कार्टून इमेज को होर्डिंग में लगाकर लिखा कि 'प्रभु श्री राम से कामना है कि प्रदेश की रक्षा और महिलाओं की सुरक्षा के लिए आपकी कभी सत्ता वापसी न कराएं'।

भाजपा नेता अमित त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उनकी असल उपलब्धि और कामयाबी के साथ साथ उनकी असल पहचान बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गयी हैं। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि अखिलेश यादव इस बधाई से नाराज नहीं होंगे और इस बधाई को स्वीकार करेंगे।

Tags:    

Similar News