Lucknow News: सनातन के प्रति नफ़रत से भरी हैं कांग्रेस, सपा और विपक्षी पार्टियां- डॉ. दिनेश शर्मा
Lucknow News: राज्यसभा सांसद डॉ दिनेश शर्मा ने विपक्ष के संसद में आचरण पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़े मामले की जांच जारी है और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
सनातन के प्रति नफ़रत से भरी हैं कांग्रेस, सपा और विपक्षी पार्टियां- डॉ. दिनेश शर्मा (Photo- Social Media)
Lucknow News: राज्यसभा सांसद और पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा सहित विपक्षी पार्टियां सनातन के प्रति नफ़रत से भरी हुई हैं। उनका कहना है कि जो लोग पहले राम मंदिर का विरोध करते रहे, वही आज राम मंदिर के लिए चिंता जताने का नाटक कर रहे हैं। उन्होंने इसे सबसे बड़ा नाटक बताया।
संसद परिसर में सनातन विरोधी चरित्र सामने आने का आरोप
डॉ दिनेश शर्मा ने एक बयान में कहा कि संसद परिसर में कांग्रेस, सपा और अन्य विपक्षी दलों का सनातन विरोधी चरित्र खुलकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के प्रति श्रद्धा दिखाने का नाटक करने वालों की सच्चाई अब सामने आ गई है। उनके अनुसार विपक्षी सांसद ने प्रभु राम के चित्र को अयोध्या से समाजवादी पार्टी की सांसद के पैरों के पास जमीन पर छुआकर भगवान राम के करोड़ों भक्तों की आस्था का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि जो लोग भगवान राम को नहीं मानते थे, वे अब वोट की राजनीति के लिए भगवान राम का नाम लेने का नाटक कर रहे हैं। डॉ शर्मा ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार की चैंपियन रही विपक्षी पार्टियां अब भगवान राम के नाम के सहारे चुनावी वैतरणी पार करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से संसद परिसर की मर्यादा का भी हनन हुआ है।
राहुल गांधी के आचरण पर भी उठाए सवाल
डॉ दिनेश शर्मा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के आचरण को गैर जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि संसद में व्यवधान पैदा करके जनता के हितों पर कुठाराघात किया जा रहा है। उनका कहना था कि संसद का समय जनहित के मुद्दों पर चर्चा के लिए होता है, लेकिन उसका उपयोग केवल अपना नाम चमकाने के लिए किया जा रहा है।
मंदिर की प्रशासनिक चूक की जांच जारी
डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि मंदिर से जुड़ी प्रशासनिक चूक की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार आस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि दोषियों को कठोरतम दंड दिया जाएगा।