मिर्जापुर का भौकाल अब बड़े पर्दे पर, लखनऊ से शुरू हुआ गुड्डू-मुन्ना का फिल्मी सफर
Mirzapur Promotion: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के प्रमोशन के लिए अली फजल, दिव्येंदु और जितेंद्र कुमार लखनऊ पहुंचे। स्टारकास्ट ने फिल्म को लेकर अपने अनुभव साझा किए। फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Mirzapur
Mirzapur Lucknow Promotion: OTT प्लेटफॉर्म पर अपनी अलग पहचान बनाने वाली मिर्जापुर की कहानी अब सिनेमाघरों में भौकाल मचाने को तैयार है। बुधवार को फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की स्टारकास्ट प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंची। गुड्डू पंडित के किरदार में नजर आने वाले अली फजल, मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु और नए बबलू पंडित की भूमिका निभा रहे जितेंद्र कुमार ने फिल्म को लेकर अपने अनुभव साझा किए। फिल्म का ट्रेलर पहले ही दर्शकों के बीच चर्चा बटोर रहा है।
वेब की गलियों से सिनेमाघर तक पहुंचा मिर्जापुर का भौकाल
अली फजल ने कहा कि मिर्जापुर की दुनिया को वेब सीरीज से निकालकर बड़े पर्दे तक ले जाना अपने आप में खास अनुभव है। फिल्म में दुनिया पहले से ज्यादा विशाल होगी और कहानी के दांव भी काफी ऊंचे होंगे। उनके मुताबिक दर्शकों को इस बार मिर्जापुर का वही अंदाज बड़े पर्दे के बड़े कैनवास पर देखने को मिलेगा। फिल्म में कालीन भैया, मुन्ना भैया और गुड्डू पंडित जैसे चर्चित किरदारों की वापसी होगी। वहीं बबलू पंडित के किरदार में भी नया ट्विस्ट देखने को मिलेगा। इसके अलावा रवि किशन भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे।
4 सितंबर को खुलेगा मिर्जापुर का नया अध्याय
अली फजल ने बताया कि मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उन्होंने कहा कि सीरीज को दर्शकों से जिस तरह का प्यार मिला, उसके बाद फिल्म को लेकर जिम्मेदारी और उत्साह दोनों बढ़ गए हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत लखनऊ से करना खास है, क्योंकि यह शहर उनके लिए घर जैसा है। अली फजल ने लखनऊ से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि शहर की गलियां, खान-पान और यहां का माहौल उन्हें बेहद पसंद है। दोस्तों के साथ लखनऊ आने पर गलियों में घूमना और अलग-अलग व्यंजन आजमाना उन्हें खासा पसंद है।
मुन्ना भैया का दावा- इस बार पर्दे पर मिलेगा डबल तड़का
दिव्येंदु ने कहा कि फिल्म में ‘मिर्जापुर’ की पहचान वाला तड़का बरकरार रहेगा, लेकिन दर्शकों को कई नई चीजें भी देखने को मिलेंगी। कहानी और किरदारों को बड़े पर्दे के हिसाब से अलग अंदाज में पेश करने की कोशिश की गई है, जिससे दर्शक कहीं भी खुद को कहानी से अलग महसूस नहीं करेंगे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि हम हिंदी फिल्म के हीरो हैं, हम लोग अमर होते हैं। दिव्येंदु के मुताबिक दमदार डायलॉग, मजबूत किरदार और बड़े पर्दे का अनुभव फिल्म को वेब सीरीज से अलग बनाएगा। उन्होंने दर्शकों को भरोसा दिलाया कि जिस तरह ‘मिर्जापुर’ ने OTT पर मनोरंजन किया, उसी तरह फिल्म भी सिनेमाघरों में दर्शकों को भरपूर मजा देने वाली है।