थाली-चम्मच बजाकर मजदूरों का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, पुलिस ने रोका मार्च; इको गार्डन भेजे गए प्रदर्शनकारी
Lucknow News: लखनऊ में समाजवादी मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने मजदूरों और घरेलू कामगार महिलाओं की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजा।
Lucknow News
Lucknow News: लखनऊ में सोमवार को समाजवादी मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी दारुलशफा स्थित विधायक निवास से जनभवन की ओर मार्च करने के लिए निकले थे। हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मजदूर सभा के कार्यकर्ता शामिल हुए। महिला कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाओं ने हाथों में थाली और चम्मच लेकर उन्हें बजाते हुए सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मजदूरों और घरेलू कामगारों की समस्याओं को लेकर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में घरेलू कामगार महिलाओं के लिए कल्याण बोर्ड का गठन करना शामिल रहा। उनका कहना था कि घरेलू कामगार महिलाएं लंबे समय से अपने अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं बनाई गई है।
प्रदर्शनकारी दारुलशफा से जनभवन की तरफ आगे बढ़ रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक नोकझोंक भी हुई। कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए समाजवादी मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं और नेताओं को बसों के जरिए इको गार्डन भेज दिया गया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राम गोपाल पुरी ने कहा कि मजदूरों और खासकर घरेलू कामगार महिलाओं की समस्याओं की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने सरकार से मांग की कि घरेलू कामगार महिलाओं के लिए जल्द से जल्द कल्याण बोर्ड बनाया जाए और मजदूरों के हित में ठोस कदम उठाए जाएं।