Lucknow News: लखनऊ में सपा का हंगामा, NEET से महंगाई तक सरकार पर हमला, हजरतगंज में प्रदर्शन
Lucknow News: लखनऊ के हजरतगंज में सपा कार्यकर्ताओं ने NEET, पेपर लीक और महंगाई को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
Lucknow News
Lucknow News: लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के विभिन्न संगठनों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में लोहिया वाहिनी, छात्र सभा और यूथ ब्रिगेड समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी कार्यकर्ता हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर चौराहे पर पहुंचे और सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जमकर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों ने NEET परीक्षा, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों, दूध के दाम और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। कार्यकर्ताओं ने “महंगाई की यह कैसी मार” और “पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम” जैसे नारे लिखे पोस्टर भी दिखाए, जिससे माहौल और अधिक गर्म हो गया।
हजरतगंज में ट्रैफिक बाधित, पुलिस तैनात
प्रदर्शन के कारण हजरतगंज चौराहे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
हिरासत और बसों में भेजे गए कार्यकर्ता
करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर दो बसों के माध्यम से ईको गार्डन भेजा गया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता बसों की छत पर चढ़कर नारेबाजी करते नजर आए, जिन्हें पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद नीचे उतारा।
अफरा-तफरी का माहौल
पूरे घटनाक्रम के दौरान हजरतगंज क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने स्थिति को सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास किए और कुछ ही देर बाद यातायात व्यवस्था को फिर से बहाल किया गया।