लखनऊ में तेजस चौराहा बनेगा सैन्य गौरव का प्रतीक, ग्रीन कॉरिडोर पर लगेगा फाइटर जेट का मॉडल
Tejas Chowk Lucknow: लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर पर HAL तेजस का मॉडल स्थापित होगा, ‘तेजस चौराहा’ बनेगा सैन्य गौरव और आत्मनिर्भरता का प्रतीक।
Tejas Chowk Lucknow (Image Credit-Social Media)
HAL Tejas Model Installation: लखनऊ शहर की खूबसूरती और पहचान को एक नया आयाम मिलने जा रहा है। ग्रीन कॉरिडोर पर समतामूलक चौराहे के पास एंट्री प्वाइंट पर स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस का भव्य मॉडल स्थापित किया जाएगा। इस पहल के तहत चौराहे का नाम भी बदलकर तेजस चौराहा रखा जाएगा, जो न केवल शहर के सौंदर्य को बढ़ाएगा बल्कि देश की सैन्य शक्ति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक भी बनेगा।
यह परियोजना रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर शुरू की गई है। इसके लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड बेंगलुरु से तेजस विमान का विशेष मॉडल मंगाया गया है। फिलहाल इस मॉडल को जनेश्वर मिश्र पार्क में सुरक्षित रखा गया है, जहां से जल्द ही इसे निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाएगा।
तेजस का यह मॉडल आकार और डिजाइन में असली फाइटर जेट जैसा ही तैयार किया गया है। इसकी लंबाई करीब 15 फीट और चौड़ाई 9.5 फीट है, जबकि इसका कुल वजन लगभग 200 किलोग्राम बताया जा रहा है। इसे इस तरह से डिजाइन किया गया है कि देखने वालों को यह वास्तविक तेजस विमान जैसा अनुभव देगा। प्रशासन ने इस स्थापना कार्य को अगले 15 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। निर्माण और स्थापना से जुड़े सभी तकनीकी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यह मॉडल लंबे समय तक सुरक्षित और आकर्षक बना रहे।