Lucknow: 'मुजाहिदीन आर्मी' के ठिकानों पर यूपी ATS ने की छापेमारी! हिरासत में 3 संदिग्ध, बड़ा खुलासा
Lucknow News: यूपी ATS को मोहम्मद रजा के मोबाइल से 300 से अधिक भड़काऊ और नफरत फैलाने वाले वीडियो मिले हैं। वह ‘इस्लाम की बेटियां’ नाम की किताब के जरिए कट्टर विचारधारा फैलाकर हिंदू धर्मगुरुओं की हत्या की साजिश रच रहा था।
Lucknow News
Lucknow News: यूपी ATS ने कट्टरपंथी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुजाहिदीन आर्मी से जुड़े कई ठिकानों पर सोमवार को छापेमारी की है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, लखनऊ और फतेहपुर में हुई छापेमारी के दौरान 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि केरल, सोनभद्र, सुल्तानपुर, कानपुर और रामपुर में भी कार्रवाई जारी है। मुख्य आरोपी मोहम्मद रजा युवाओं और लड़कियों को उकसाकर 'मुजाहिद आर्मी' के नाम पर संगठन खड़ा करने की कोशिश कर रहा था। यूपी ATS को मोहम्मद रजा के मोबाइल से 300 से अधिक भड़काऊ और नफरत फैलाने वाले वीडियो मिले हैं। वह ‘इस्लाम की बेटियां’ नाम की किताब के जरिए कट्टर विचारधारा फैलाकर हिंदू धर्मगुरुओं की हत्या की साजिश रच रहा था।
कट्टरपंथी वीडियो से फैलाता था नफरत का जहर, मोबाइल में मील 300 से अधिक वीडियो
सूत्रों के मुताबिक, यूपी ATS की जांच में सामने आया कि मोहम्मद रजा लंबे समय से युवाओं को धर्म के नाम पर भड़काने की कोशिश कर रहा था। वह सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स में कट्टरपंथी वीडियो शेयर करता था जिनमें दूसरे धर्मों के खिलाफ हिंसा और नफरत फैलाने वाले भाषण थे। उसके मोबाइल से मिले 300 से अधिक वीडियो में कई इस्लामिक चरमपंथी संगठनों के सरगनों के बयान हैं। ATS ने कॉल डिटेल्स और सर्विलांस के जरिए उसके नेटवर्क का पता लगाया जो केरल से लेकर यूपी के कई जिलों तक फैला हुआ था। इन वीडियो के जरिए रजा युवाओं को संगठन से जोड़ने और हिंदू धर्मगुरुओं के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहा था।
'इस्लाम की बेटियां' से भड़काने की चाल, लड़कियों को संगठन में जोड़ने की साजिश
पूछताछ में यूपी ATS को पता चला कि रजा और सोनभद्र निवासी सफील सलमानी ने मिलकर 'इस्लाम की बेटियां' नाम की किताब तैयार की थी। इस किताब में धार्मिक उन्माद फैलाने वाली बातें लिखी गई थीं ताकि मुस्लिम युवतियों को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ा जा सके। वह इस किताब को सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा था और महिलाओं के लिए अलग विंग बनाने की योजना बना रहा था। इसी नेटवर्क से जुड़े मौलाना अकमल को सुल्तानपुर, तौसीफ को कानपुर और कासिम को रामपुर से गिरफ्तार किया गया। यूपी ATS अब यह जांच कर रही है कि यह गिरोह विदेशी संगठनों से फंडिंग ले रहा था या नहीं।
केरल से गिरफ्तार हुआ था सरगना, रच रहा था बड़ी साजिश
आपको बता दें कि यूपी ATS ने रजा को केरल से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद लगातार कई जिलों में छापेमारी हुई। जांच एजेंसी ने अब तक कई डिजिटल डिवाइस, मोबाइल, और दस्तावेज बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह नेटवर्क युवाओं के दिमाग में नफरत का जहर घोलने और हिंदू धर्मगुरुओं की हत्या जैसी बड़ी साजिश रचने की दिशा में काम कर रहा था। एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क के तार विदेश तक जुड़े होने की संभावना पर भी काम कर रही हैं।