Lucknow News: कला-महाकुंभ में महिलाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शनों को मिलेगा खास मंच ! महिलाओं की कड़ी मेहनत और योगदान को मिलेगा सम्मान
Art Mahakumbh in Lucknow: वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस महाकुंभ में उन महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा जो समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं।
Photo-News Track
Art Mahakumbh in Lucknow: राजधानी लखनऊ में इस साल 26 सितंबर से 18 अक्टूबर तक आयोजित होने वाला कला महाकुंभ कला, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण का अद्भुत संगम बनने जा रहा है। इस 23 दिनों तक चलने वाले आयोजन में नारी सुरक्षा, स्वालंबन और विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शनों को खास मंच मिलेगा। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं, जैसे एक जिला एक उत्पाद (ODOP) और मिशन शक्ति का भी इस कला महाकुंभ में विशेष रूप से प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
महिलाओं की कड़ी मेहनत और उनके योगदान को मिलेगा सम्मान
वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस महाकुंभ में उन महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा जो समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। विश्व विभूति सम्मान, कला विभूति सम्मान, आदर्श सम्मान और कला सम्मान जैसे पुरस्कार महिलाओं को दिए जाएंगे। विशेष तौर पर महिला उद्यमियों और ओडीओपी के क्षेत्र में काम करने वाली महिला शिल्पियों को भी इस आयोजन में मान्यता मिलेगी। वहीं आयोजन के दौरान हर दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न कला रूपों का प्रदर्शन किया जाएगा।
भारत की समृद्ध कला और संस्कृति की प्रदर्शनी
कला महाकुंभ का मुख्य आकर्षण उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना एक जिला एक उत्पाद पर आधारित प्रदर्शनी होगी, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों की विशिष्ट कलाकृतियों, हस्तशिल्प और उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को बड़ा मंच प्रदान करेगी, जिससे उनके कला उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सकेगी। इसके साथ ही महाकुंभ में पाक कला पर भी खास ध्यान दिया जाएगा। विभिन्न जिलों के प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद आगंतुकों को चखने को मिलेगा, जो भारतीय भोजन संस्कृति का जीवंत उदाहरण पेश करेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का एक महीने भर का उत्सव
कला महाकुंभ के दौरान महिला कवियों द्वारा काव्य गोष्ठी, महिला साहित्यकारों पर चर्चा और उन्हें सम्मानित करने का भी विशेष कार्यक्रम होगा। इसके अलावा, महिला कलाकार अपने कला रूपों का प्रदर्शन करेंगे, जिससे समृद्ध भारतीय संस्कृति की विविधता का अद्भुत अनुभव होगा।
महिला उद्यमियों के लिए विशेष सम्मान
वेलफेयर फाउंडेशन के संयोजक अद्वैत गड़नायक ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से उन युवा महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने नवाचार और दृढ़ संकल्प के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। यह आयोजन महिलाओं को उनके संघर्षों और सफलता के लिए मान्यता देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। यह कला महाकुंभ न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि समग्र भारत की कला, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
आयोजकों का रहा भारी उत्साह
पदमश्री अद्वैत गड़नायक ने बताया कि यह आयोजन भारत के समृद्ध दर्शन, सभ्यताओं, प्राचीन कलाओं, और संस्कृति की अद्वितीय झलक पेश करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कला महाकुंभ के दौरान नवरात्रि पर्व पर डांडिया का आयोजन भी होगा, जो दर्शकों के लिए एक और आकर्षण का केंद्र बनेगा। इस खास मौके पर पदमश्री अद्वैत गड़नायक, गौरी घोष, कवियत्री विमल पंत, वरिष्ठ गायिका ज्योति मोदक और कई अन्य प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।