Mainpuri News: पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की
Mainpuri News: जिले में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई। 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर।
Mainpuri News(Photo-Social Media)
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हिन्दपुरम पहुंचकर छह माह की बच्ची नत्या और उसकी माता शालिनी से फीता कटवाकर अभियान की शुरुआत कराई। इसके बाद उन्होंने स्वयं शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो ड्रॉप अवश्य पिलाएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से मुक्त हो चुका है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में अभी भी पोलियो वायरस मौजूद है। ऐसे में सतर्कता बनाए रखना और प्रत्येक चरण में सभी बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभियान तभी सफल होगा, जब समाज के हर वर्ग का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी लक्षित बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे। विशेष रूप से ईंट-भट्ठों, दूरदराज के क्षेत्रों और घुमंतू परिवारों के बच्चों तक स्वास्थ्य टीमों की पहुंच सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चों को अन्नप्राशन योजना के तहत ऊपरी आहार भी खिलाया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन देने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और पोषित बच्चे ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं तथा कुपोषण को समाप्त करने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता ने बताया कि जनपद में शून्य से पांच वर्ष तक के 3,57,859 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1,044 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जबकि 2,838 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगी। अभियान में एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की संयुक्त टीमें लगाई गई हैं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।