Mathura News: स्वतंत्रता दिवस से पहले मथुरा में निकली तिरंगा बाइक रैली, भारत माता की जय का जयघोष

Mathura News: मथुरा में स्वतंत्रता दिवस से पहले भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। रैली में देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा और भारत माता की जय का जयघोष हुआ।

Update:2026-08-14 11:59 IST

Mathura News(Photo-Social Media)

Mathura News: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर से पूर्व शुक्रवार को कान्हा की नगरी मथुरा में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत भव्य तिरंगा यात्रा एवं बाइक रैली का आयोजन किया गया। राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा का नेतृत्व जिलाधिकारी मथुरा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा ने किया। ‘तिरंगा लहराएं, देश का मान बढ़ाएं’ थीम पर आयोजित तिरंगा यात्रा नगर निगम कार्यालय, भूतेश्वर से प्रारंभ हुई। यात्रा के शुभारंभ के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। हाथों में तिरंगा लेकर बाइक सवारों और अन्य प्रतिभागियों ने राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा भूतेश्वर से प्रारंभ होकर मसानी चौराहा, वृंदावन मार्ग, डींग गेट और होली गेट होते हुए टैंक चौराहे तक पहुंची। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया। बाइक रैली में शामिल युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। तिरंगे से सजी बाइकों के साथ निकली रैली ने शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।


अधिकारियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करना है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का भी दिन है। यात्रा के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा। निर्धारित मार्ग से होते हुए तिरंगा यात्रा टैंक चौराहे पर पहुंचकर हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। समापन के अवसर पर भी देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। आयोजन ने मथुरा में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को नई ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति के उत्साह से भर दिया।

Tags:    

Similar News