Meerut News: मेरठ में साधु की हत्या से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

Meerut News: परिजनों ने बेटे की ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप। पुजारी के बेटे ने कुछ दिन पहले गांव की ही एक लड़की से लव-मैरिज की थी, लड़की के परिजन इस शादी से खुश नहीं थे।

Update: 2023-03-18 13:55 GMT
साधु की हत्या (फोटो: सोशल मीडिया )

Meerut News: मेरठ के ग्रामीण इलाके में एक साधु की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला साधु से जुड़ा होने के कारण स्थानीय पुलिस ने तुरन्त मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस को मृतक साधु की गर्दन पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं। शरीर के अन्य भागों पर भी चोट के निशान थे।

थाना इंचैली पुलिस के अनुसार मृतक साधु का नाम सुनीत जाटव (45) है। वह पबला गांव का रहने वाला था। सुनीत जाटव का शव शनिवार को तड़के घर से तीन सौ मीटर की दूरी पर खेत में पड़ा मिला। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सुनीत के पिता भी साधु थे। सुनीत भी करीब पांच साल पहले पिता की तरह साधु बन गया था।

वह गांव से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर स्थित अपने खेत में आश्रम बनाकर रहता था। रात के समय वह घर पर आ जाता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रात में वह घर पर नहीं आया, जिस पर उसकी तलाश की, तो वह आश्रम पर भी नहीं मिला। शनिवार को सुबह उसका शव घर से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर स्थित खेत भरे में पड़ा मिला। थाना इंचैली इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि परिजनों ने मृतक के बेटे के ससुराल वालों पर शक जताते हुए तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार मृतक के बेटे अरुण ने कुछ महीने पहले गांव की एक लड़की से कोर्ट मैरिज की थी। लड़की के परिजन कोर्ट मैरिज से खुश नहीं थे, जिसके कारण दोनों परिवारों के बीच विवाद बना हुआ था। बहरहाल, घटना स्थल व आश्रम के आसपास के लोंगो से पूछताछ की जा रही है।

हर्ष फायरिंग कर फंसा पुजारी, गिरफ्तार

जनपद के थाना किठौर क्षेत्र के ग्राम हसनपुर स्थित प्राचीन शिव मन्दिर में सेवानिवृत्त फौजी और मंदिर के पुजारी का हर्ष फायरिंग करते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने शनिवार को आरोपी पुजारी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि अभी सेवानिवृत्त फौजी नहीं पकड़ा गया है, जिसके आग्रह पर पुजारी द्वारा हर्ष फायरिंग की गई थी।

थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम हसनुपर कलां निवासी विनेश कुछ समय पूर्व सेना से सेवानिवृत्त हुआ है। विनेश लाइसेंसी पिस्टल की पूजा कराने के लिए गांव में ही स्थित प्राचीन शिव मन्दिर पुजारी अमरीश के पास गया, जहां ने पुजारी पूजा कराई। इसके बाद विनेश ने पहले खुद पिस्टल से हर्ष फायरिंग की और फिर मन्दिर के पुजारी से हर्ष फायरिंग कराई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने वायरल वीडियों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मंदिर के पुजारी अमरीश को गिरफ्तार कर लिया। विनेश घटना में मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।

Tags:    

Similar News