Meerut में सिलबट्टे से सिर कुचलकर भाई की हत्या, चार घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Meerut News: पांडव नगर में घरेलू विवाद के बाद छोटे भाई ने बड़े भाई पर सिलबट्टे से हमला किया, पुलिस ने चार घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद किया।

Update:2026-11-17 17:00 IST

Meerut News: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पांडव नगर में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गाली-गलौज और धक्का-मुक्की से गुस्साए छोटे भाई ने अपने बड़े भाई के सिर पर सिलबट्टे से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के महज चार घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल सिलबट्टा भी बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार

मृतक की पहचान पांडव नगर निवासी अनिकेत यादव (35) के रूप में हुई है। उसके भाई नितिन यादव ने सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके भाई अविरल यादव उर्फ अन्ना (26) ने अनिकेत के सिर पर पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी अविरल ने बताया कि 15 नवंबर की रात करीब 11 बजे अनिकेत ने उसके और उसकी मां के साथ गाली-गलौज की थी। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। घरेलू विवाद बढ़ने पर गुस्से में उसने पास रखे सिलबट्टे से बड़े भाई के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से अनिकेत की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने सिलबट्टे को घर में छिपा दिया और वहां से फरार हो गया।

एसएसपी के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मंगलवार को मवाना अड्डे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल सिलबट्टा बरामद किया गया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।

Similar News