गढ़ गंगा मेले में हुड़दंग करने वालों पर होगी तत्काल FIR, वाहन भी होंगे सीज; DIG ने दिए सख्त निर्देश
Meerut News: कार्तिक पूर्णिमा पर गढ़ गंगा, मखदूमपुर और अनूपशहर में लगने वाले गंगा मेलों को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने निर्देश दिए हैं कि हुड़दंग और अराजकता करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर वाहन सीज किए जाएं।
Meerut News
Meerut News: कार्तिक पूर्णिमा पर गढ़ गंगा, मखदूमपुर और अनूपशहर में लगने वाले गंगा मेलों में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी शुरू कर दी है। मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने साफ किया है कि मेला क्षेत्रों के साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर हुड़दंग और अराजकता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने के साथ उनके वाहन भी सीज किए जाएंगे।
डीआईजी ने हापुड़ के गढ़ गंगा मेले, मेरठ के मखदूमपुर मेले और बुलंदशहर के अनूपशहर गंगा मेले की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की निगरानी केवल मेला परिसरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों, संपर्क मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर भी लगातार पुलिस बल तैनात रहे।
हुड़दंग हुआ तो सेक्टर प्रभारी भी नपेंगे
डीआईजी ने सेक्टर प्रभारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कहा कि अपने निर्धारित क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की व्यक्तिगत जिम्मेदारी उनकी होगी। कहीं भी हुड़दंग या अव्यवस्था की सूचना मिलने पर उन्हें तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करनी होगी। यदि उनके क्षेत्र में ऐसी घटनाएं होती हैं तो संबंधित सेक्टर प्रभारी के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की जवाबदेही भी तय होगी।
ड्यूटी में लापरवाही पर पुलिसकर्मियों को चेतावनी
नैथानी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता, लापरवाही या जिम्मेदारी से बचने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। हुड़दंग, मारपीट और शांति भंग करने वालों को केवल चेतावनी देकर छोड़ने के बजाय तथ्यों के आधार पर तत्काल कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है।
नावों में लाइफ जैकेट और तटों पर गोताखोर रहेंगे तैनात
डीआईजी ने श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक परंपराओं का पूरा ध्यान रखते हुए मेले पारंपरिक तरीके से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही विद्युत सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों का प्रतिदिन पालन सुनिश्चित कराने को कहा है। गंगा तटों पर पर्याप्त नाव और गोताखोर तैनात रखने तथा प्रत्येक नाव में लाइफ जैकेट, लाउडहेलर और टॉर्च उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।डीआईजी ने कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय, सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करें।