Meerut News: स्कूलों की सुरक्षा पर उठी मांग, शिक्षक के आने पर खुलें कक्षा के द्वार
Meerut News: भाजपा नेता अंकित चौधरी ने डीएम वीके सिंह से मुलाकात कर सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षक की मौजूदगी के बाद ही बच्चों को कक्षा में प्रवेश देने की मांग की।
स्कूलों की सुरक्षा पर उठी मांग, शिक्षक के आने पर खुलें कक्षा के द्वार (Photo- Newstrack)
Meerut News: स्कूलों में विद्यार्थियों के बीच मारपीट और हिंसक घटनाओं को रोकने के लिए भाजपा नेता अंकित चौधरी ने एक नई व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई है। बुधवार को उनके नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी वीके सिंह से मुलाकात कर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जनपद के सभी स्कूलों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि शिक्षक के कक्षा में पहुंचने के बाद ही विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाए।
भाजपा नेता अंकित चौधरी ने जिलाधिकारी को बताया कि पिछले कुछ समय से स्कूलों में बच्चों के बीच मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। छोटी-छोटी बातों पर विद्यार्थी एक-दूसरे के साथ मारपीट पर उतारू हो रहे हैं। इससे स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता भी बढ़ रही है।
अंकित चौधरी ने कहा कि इन घटनाओं के पीछे एक प्रमुख कारण कक्षाओं में शिक्षकों का समय से नहीं पहुंचना भी है। जब शिक्षक निर्धारित समय पर कक्षा में मौजूद नहीं होते तो बच्चे बिना निगरानी के रहते हैं। ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों के बीच विवाद बढ़ने और मारपीट जैसी घटनाएं होने की आशंका रहती है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल पढ़ाई कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि सभी सरकारी और निजी स्कूलों के प्रबंधन को निर्देशित किया जाए कि कक्षा में पहले शिक्षक की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इसके बाद ही बच्चों को कक्षा में प्रवेश दिया जाए। साथ ही इस व्यवस्था का नियमित पालन भी कराया जाए, ताकि स्कूलों में विद्यार्थियों के बीच होने वाले विवाद और मारपीट की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल में सौरभ पंडित, दिनेश कोरी, एडवोकेट मलिक, शुभम अग्रवाल, अभिलाष तोमर और पुलकित गुप्ता शामिल रहे।